बाँदा-दो दिन तक बूथ में उपस्थित रहेंगें बीएलओ,एकत्रित करेंगे मतदाताओं के फार्म

SHARE:

विशेष प्रगाढ पुनरीक्षण को लेकर दो दिन विशेष अभियान दिवस घोषित किया गया है। इस दिन सभी बीएलओ प्रातः 10ः30 से 04ः30 बजे तक बूथ पर उपस्थित होने के साथ अर्ह मतदाताओं के फार्म-6,7,8 एकत्रित करेंगे।
रोल प्रेक्षक/आयुक्त चित्रकूटधाम मण्डल अजीत कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष प्रगाढ पुनरीक्षण 2026 के सम्बन्ध में जनपद के समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में रोल प्रेक्षक/आयुक्त अजीत कुमार ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि सभी पार्टी के प्रतिनिधि अपने बीएलए के जागरूक करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण में दिनांक 31 जनवरी,2026 एवं 01 फरवरी,2026 को आवश्यक रूप से बूथ पर बीएलओ के सहयोग हेतु उपस्थित रहे। उन्होंने अपने बीएलए को अन्य सभी दिवसों में भी सक्रिय रखने के निर्देश दिये। कमिश्नर अजीत कुमार ने निर्देश दिये कि मतदाता सूची में कोई भी मतदाता नाम सम्मिलित करने हेतु छूटने नही पाये तथा किसी का नाम गलत अंकित न होने पाये। उन्होंने यह भी कहा कि नोटिस की सुनवाई दिवस में बीएलओ उपस्थित रहें तथा राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को सूची उपलब्ध कराये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने नये मतदाताओं के फार्म-6 भरवाने हेतु डिग्री काॅलेजों के बच्चों के लिए कैम्प लगाये जाने तथा नवीनतम फोटो लगाये जाने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने निर्देश दिए की जिन मतदाताओं को नोटिस जारी की गयी है। उनकी समय से तामीला करायी जाए एवं नाम जोडने व संशोधन हेतु बीएलओ के पास फार्म-7 व 8 अवश्य उपलब्ध रहें। मतदाता सूची में महिला मतदाताओं के नाम अंकित करने का विशेष ध्यान रखा जाए। अनावश्यक किसी मतदाता का नाम नही छूटने पाये।
कमिश्नर अजीत कुमार ने राजनैतिक दलों के अध्यक्ष सचिव एवं प्रतिनिधियों को बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता दिनांक 01 जनवरी, 2026 के आधार पर गतिमान निर्वाचक नामावलियों में विशेष प्रगाढ पुनरीक्षण का कार्य किया जा रहा है तथा निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन दिनांक 06 जनवरी, 2026 को सभी विधानसभा क्षेत्र के समस्त पदाभिहीत स्थलों/मतदेय स्थलो पर किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि दिनांक 06 फरवरी, 2026 तक दावे/आपत्तियां अर्थात फार्म-6,7,8 इत्यादि प्राप्त किये जायेंगे। प्रत्येक कार्य दिवस में पदाभिहीत स्थलों/मतदेय स्थलों पर नियुक्त पदाभिहीत अधिकारियों द्वारा उक्त फार्म प्राप्त किये जा रहे हैं। उन्होंने निर्देश दिये कि उक्त दावे एवं आपत्ति की सूची डीईओ पोर्टल पर समय से अपलोड की जाए। उन्होंने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार आगामी 31 जनवरी, 2026 दिन शनिवार एवं 01 फरवरी, 2026 दिन रविवार को विशेष अभियान दिवस घोषित किया गया है। इस दिन सभी बीएलओ प्रातः 10ः30 से 04ः30 बजे तक बूथ पर उपस्थित होकर अर्ह मतदाताओं के फार्म-6,7,8 एकत्र करेंगे। उन्होंने बताया कि मतदाताओं द्वारा अपना नाम, मतदाता सूची में देखने हेतु 06 फरवरी तक मतदान केन्द्रों पर एवं आयोग के वेब साइट पर देख सकते हैं। बैठक में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी जे0 रीभा,उप जिला निर्वाचन अधिकारी कुमार धर्मेन्द्र,अपर आयुक्त भगवान दास, समस्त उप जिलाधिकारी तथा विभिन्न राजनैतिक दलों के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई