शराब की दुकान में बदमाश दिनदहाड़े घुस गए और सेल्समैन को गोली मार दी। गोली मारने के बाद रुपये लूटकर फरार हो गए। बदमाशों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर के भीटी थाना क्षेत्र के जमोलीगंज बाजार में बुधवार को दिनदहाड़े ज्योति जायसवाल की शराब की दुकान में घुसकर दो अज्ञात बदमाशों ने कार्यरत सेल्समैन विमल जायसवाल को गोली मार दी। गोली उनके पेट के निचले हिस्से में लगी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों की मदद से घायल सेल्समैन को तत्काल भीटी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। इस दौरान दुकान में रखी नकदी भी लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश अपनी बाइक घटनास्थल पर ही छोड़कर भाग निकले। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जमोलीगंज बाजार को छावनी में तब्दील कर दिया गया। पुलिस ने बदमाशों की बाइक को कब्जे में लेकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। कहा कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जायेगा।