सरकार की सख्ती के बावजूद लापरवाही कर्मचारी अपनी आदतों के बाद नहीं आ रहे हैं। कस्तूरबा गांधी विद्यालय की शिक्षक के हस्ताक्षर तो रजिस्टर में मिले लेकिन वह मौके पर मौजूद नहीं मिली। जिस पर कमिश्नर ने कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।
कमिश्नर अजीत कुमार ने हमीरपुर जनपद के सरीला सामुदायिक स्वास्थ्य का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र में साफ-सफाई,पेयजल व्यवस्था,दवाओं की उपलब्धता एवं सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता पाई गई। आयुक्त अजीत कुमार ने निर्देशित किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार,मरीजों की सुविधा एवं अस्पताल प्रबंधन को और बेहतर बनाया जाए। साथ ही ठंड से बचाव हेतु पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। उन्होंने हिदायत दी कि अनावश्यक रूप से किसी भी मरीज को रिफर न किया जाए। इसके बाद उन्होंने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, जरिया (तहसील सरीला) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका के अवलोकन में पाया गया कि कर्मचारी संध्या विश्वकर्मा के हस्ताक्षर बने हुए हैं। लेकिन मौके पर वह अनुपस्थित पाई गईं। इस पर आयुक्त ने नाराजगी जताने के साथ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, हमीरपुर को संबंधित कर्मचारी का वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही उपस्थित कर्मचारियों एवं शिक्षकों को विद्यालय संचालन,अनुशासन एवं छात्राओं की शिक्षा एवं सुरक्षा के प्रति पूर्ण जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षण कार्य में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।