गोरखनाथ क्षेत्र की एक महिला ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए गोरखनाथ थाने में केस दर्ज कराया है। आरोप है कि पति ने उसका नग्न वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी है और वीडियो डिलीट करने के एवज में 10 लाख रुपये की मांग कर रहा है। महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 29 जनवरी 2012 को कुशीनगर जिले के पड़रौना थाना क्षेत्र के निवासी युवक से हुई थी।
गर्लफ्रेंड को साथ रखने के लिए कर रहा ब्लैकमेल
पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसका पति सीतापुर की एक फैक्टरी में कार्यरत है, जहां काम करने वाली एक युवती के साथ उसका प्रेम संबंध है। उसी युवती के साथ रहने के लिए पति उसे ब्लैकमेल कर रहा है। जब उसने इसका विरोध किया तो पति ने उसके साथ मारपीट की और पूरे परिवार को बदनाम करने की धमकी दी। पत्नी ने बताया कि पति उस युवती को पत्नी की तरह रखे हुए है और अब उसे घर से निकालने की कोशिश कर रहा है। इसी के चलते उसने अश्लील वीडियो बना लिए।
दहेज में दिये थे 25 लाख
महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 29 जनवरी 2012 को कुशीनगर जिले के पड़रौना थाना क्षेत्र के निवासी युवक से हुई थी। शादी में उसके परिजनों ने करीब 25 लाख रुपये मूल्य का सामान और आभूषण दिए थे। कुछ ही दिन बाद ससुराल पक्ष ने कार और 10 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग शुरू कर दी।
कई महिलाओं से है पति के संबंध
महिला का आरोप है कि शादी के बाद पति के कई महिलाओं से संबंध होने की जानकारी मिली। इसका विरोध करने पर ससुराल वालों ने मारपीट कर उसे बच्ची सहित घर से निकाल दिया। करीब ढाई साल बाद पंचायत के जरिए समझौता हुआ और 2016 में वह दोबारा ससुराल गई। वर्ष 2019 में बेटे के जन्म के बाद मायके वालों ने दो लाख रुपये का उपहार दिया,जिसे पति ने अपने शौक पर खर्च कर दिया। अब ब्लैकमेल कर रहा है।
नशीला पदार्थ खिलाकर बनाया अश्लील वीडियो
पीड़ित महिला ने आरोप लगाया कि एक बार पति ने नशीला पदार्थ खिलाकर उसका अश्लील वीडियो बना लिया और अब उसी वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर 10 लाख रुपये मांग रहा है। वह लगातार मायके वालों को भी धमकी दे रहा है कि पैसे नहीं दिए तो पूरा वीडियो सोशल मीडिया पर डाल देगा। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
पति सहित सास-ससुर के खिलाफ केस दर्ज
गोरखनाथ थाना प्रभारी शशि भूषण राय ने बताया कि महिला की तहरीर पर रविवार की रात आरोपी पति और सास-ससुर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले में सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और डिजिटल साक्ष्य भी एकत्र किए जा रहे हैं। इसके बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।