UP-लाइव कैमरा शूटिंग में फंसी अलीगढ़ की पुलिस,एसएसपी ने दरोगा,सिपाहियों को किया लाइन हाजिर

SHARE:

अलीगढ़ पुलिस का अनोखा कारनामा सामने आया है। युवकों की जेब में चाकू रखते हुए दरोगा तथा पुलिसकर्मी के लाइट,कैमरा और एक्शन के सीन का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। एसपी ने दो दरोगा तथा दो पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है।

अलीगढ़ के अकराबाद थाना क्षेत्र की पनैठी पुलिस चौकी के दो माह पुराने कारनामे का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें पुलिसकर्मी खुद ही लाइट-कैमरा-एक्शन करते हुए दो युवकों की जेब में पहले मोबाइल-चाकू रख रहे हैं। इसके बाद भागकर उन्हें दबोचने और उनसे माल बरामदगी दिखा कर चोरी का खुलासा करने का दावा कर दिया। वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर एसएसपी ने दो दरोगा सहित चार पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर जांच के आदेश दिए हैं।घटनाक्रम एक दिसंबर का है। वायरल वीडियो में अकराबाद थाने के पनैठी पुलिस चौकी के दरोगा रोहित सिद्धू व सहयोगी दरोगा अलखराम, सिपाही मनोज कुमार व अमित कुमार नजर आ रहे हैं। दरोगा रोहित कैमरा ऑन करके तैयार खड़े हैं। दूसरे दरोगा अलखराम एक युवक की जैकेट में चाकू रखवाते हैं। सिपाही अमित कुमार दूसरे युवक की कमर में चाकू खोंसता है। इस बीच पीछे खड़ा सिपाही मनोज कुमार युवक की जेब में मोबाइल रखते हुए कह रहा है कि इन्हें थोड़ा आगे हल्के कदमों से चलने दो, फिर गाड़ी से पकड़ेंगे, तभी वीडियो सही बनेगी। पुलिस देखकर थोड़ा भागना भी चाहिए।

इसके बाद तलाशी की नाटकीय प्रक्रिया होती है। पहले मोबाइल निकाला जाता है और युवक से कहलवाया जाता है कि उसने दुकान से चोरी की है। फिर कमर से चाकू बरामद दिखाया जाता है। दूसरे युवक से भी इसी तरह चाकू निकलवाकर सवाल-जवाब किए जाते हैं। वीडियो खत्म होने के बाद पुलिसकर्मी आपस में फुटेज चेक करते हैं कि कोई कमी तो नहीं रह गई। इसके बाद युवकों के हाथों में मोबाइल और चाकू देकर दूसरा वीडियो बनाया जाता है। अंत में दरोगा अलखराम युवकों के साथ सेल्फी लेते हैं। यह पूरा वीडियो किसी ने छत से बना लिया है। बाद में पुलिस इन दोनों युवकों को चोरी के आरोप में जेल भेजती है। अब यह पूरा वीडियो वायरल हुआ है। इसका संज्ञान लेते हुए एसएसपी ने दोनों दरोगा व दोनों सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिए हैं। सीओ छर्रा संजीव तोमर के अनुसार घटनाक्रम की जांच कराई जा रही है। इसके बाद आगे कार्रवाई तय होगी।
दिन में बनाया वीडियो,रात में दिखाई गिरफ्तारी
घटनाक्रम के अनुसार पनैठी के सूरज गौतम उर्फ फौजी और सोनू को पुलिस ने एक दिसंबर 2025 को ही उनके घर से पकड़ा था। इसके बाद उन्हें जंगल की ओर ले जाकर फिर बरामदगी दिखाई गई। प्रेसनोट में इन्हें रात में गश्त के दौरान नानऊ नहर की पटरी से पकड़ा जाना दिखाया था। इनसे दो चोरी के मोबाइल व दो अवैध चाकू बरामद हुए। हालांकि एसएसपी ने अनोखा कारनामा करने वाले दरोगा सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई