प्रयागराज के नैनी सेंट्रल जेल में तैनात बंदी रक्षक का शव फांसी पर लटकता मिला। सहयोगी सिपाहियों ने शव लटकता देखा,तब सूचना अधिकारियों को दी।
मऊ जिले के मोहम्मदाबाग निवासी बंदी रक्षक पृथ्वीराज चौहान (28) पुत्र प्रभु चौहान 2021 से नैनी सेंट्रल जेल में बतौर बंदीरक्षक तैनात था। वह नैनी थाना क्षेत्र के चकदोंदी मोहल्ले में किराए का कमरा लेकर रहता था। रविवार रात में उसकी जेल में ड्यूटी लगाई गई थी। समय से ड्यूटी पर न पहुंचने पर रात करीब नौ बजे जेल प्रशासन ने उसे फोन किया गया तो फोन रिसीव न होने पर जेल का सिपाही उसके कमरे में उसे बुलाने गया। यहां पहुंचने पर कमरे में पृथ्वीराज का शव फंदे से लटकता मिला। सूचना पाकर जेल के तमाम अधिकारी पहुंच गए। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। बताया जाता है कुछ माह पहले ही उसकी सगाई गुई थी। अगले महीने उसकी शादी होने वाली थी। सूचना पाकर परिजन पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंच गए। अधिकारी मामले की छानबीन में जुटे हुए हैं।