ढाई साल की मासूम भतीजी के साथ दुष्कर्म करने के बाद शर्म के मारे आरोपी फांसी पर झूल गया। जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं बच्ची की हालत गंभीर है। उसका उपचार चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक पीलीभीत के दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार शाम करीब सात बजे बच्ची अपने घर के आंगन में खेल रही थी। आरोप है कि इसी दौरान उसके चचेरे चाचा ने बच्ची को आवाज देकर बुलाया और उसे घर की छत पर बने टिनशेड के पास ले गया। वहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। बच्ची के चीखने-चिल्लाने पर आरोपी उसे घायल अवस्था में छोड़कर चला गया। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर परिजन छत पर पहुंचे, जहां बच्ची ने रोते हुए चाचा की हरकत की जानकारी दी। करीब एक घंटे बाद आरोपी घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना का पता चलने पर गांव में फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी गौतम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल मासूम बच्ची को उपचार के लिए दियोरिया सीएचसी भिजवाया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना को लेकर गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। एएसपी विक्रम दहिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्ची के साथ उसके रिश्ते के चाचा ने दुष्कर्म किया और बाद में आत्महत्या कर ली। पुलिस गहनता से जांच कर रही है। बहरहाल बच्ची की हालत चिंताजनक बनी हुई है।