पेशाब करने के बहाने बाथरूम गया मरीज दूसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। इधर ओरिजनो ने गलत दवा का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा। पुलिस ने किसी तरह मामले को शांत कराया।
मेरठ के लोकप्रिय अस्पताल में भर्ती हाइडिल कॉलोनी जेल चुंगी निवासी संजय चौधरी (46) ने शुक्रवार रात अस्पताल की दूसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। बताया गया कि उन्होंने बाथरूम की शीशे वाली खिड़की तोड़ी और नीचे छलांग लगा दी। संजय बुधवार से आईसीयू में भर्ती थे। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और लापरवाही का आरोप लगाया। मृतक के साले प्रदीप डोगरा, जो बिजली विभाग में लिपिक हैं, ने बताया कि संजय चौधरी शहर में माइक्रोटेक सर्विस सेंटर पर कार्यरत थे। खून की कमी के चलते उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। जांच में हीमोग्लोबिन महज चार प्रतिशत पाया गया, जिसके बाद डॉक्टरों की सलाह पर बुधवार को उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें आईसीयू में रखा गया था। पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे संजय चौधरी ने लघुशंका जाने की बात कही। इसके बाद वह दूसरी मंजिल के बाथरूम में गए, जहां शीशे वाली खिड़की तोड़कर नीचे कूद गए। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने शोर मचाया। डॉक्टरों और स्टाफ ने उन्हें तुरंत आईसीयू में भर्ती किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घर वालों ने काटा हंगामा
घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और हंगामा करने लगे। उन्होंने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। नौचंदी थाना पुलिस और सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। परिजनों ने पहले पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया था। काफी देर समझाने के बाद देर रात शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गलत दवा देने का पत्नी ने लगाया आरोप
संजय चौधरी की पत्नी ज्योति ने आरोप लगाया कि अस्पताल कर्मचारियों ने गलत दवा दी, जिससे उनके पति की हालत बिगड़ी और उन्होंने यह कदम उठाया। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। संजय मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के सुजानपुर के रहने वाले थे और कई वर्षों से मेरठ में रह रहे थे। उनके परिवार में पत्नी और 13 वर्षीय बेटा जोनू है। अस्पताल के नाइट इंचार्ज डॉ. राजीव का कहना है कि एक कर्मचारी मरीज को बाथरूम लेकर गया था। मरीज ने अंदर से गेट बंद कर शीशा तोड़ा और कूद गया। सीसीटीवी फुटेज में पूरी घटना स्पष्ट दिखाई दे रही है। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। कहा कि जांच के बाद अग्रिम कार्यवाही की जायेगी।