उपस्थिति पंजिका में लेखाकार के हस्ताक्षर तो मिले मगर कर्मचारी गायब रहा। कमिश्नर ने नाराजगी जताते हुए खंड विकास अधिकारी को वेतन रोके जाने के निर्देश दिए हैं।
कमिश्नर अजीत कुमार ने महोबा जनपद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुलपहाड़ का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र में साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था,दवा की उपलब्धता तथा सीसीटीवी कैमरों को चेक किया। आयुक्त ने निर्देशित किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार करने के साथ मरीजों की सुविधा एवं अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली को और भी बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इसके बाद कमिश्नर ने कार्यालय विकासखंड, जैतपुर का निरीक्षण किया।निरीक्षण के समय उपस्थिति पंजिका के अवलोकन में पाया गया कि सहायक लेखाकार जुबेर खान द्वारा हस्ताक्षर तो किए गए थे। परंतु वह मौके पर अनुपस्थित पाए गए। इस पर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए खंड विकास अधिकारी जैतपुर को गैर हाजिर कर्मचारी का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण,ऑनलाइन जनसुनवाई,पंचायती राज तथा विकसित उत्तर प्रदेश 2047 जैसी प्रमुख योजनाओं/कार्यक्रमों का नियमित निरीक्षण करने के साथ प्रगति में तेजी लाएं। कमिश्नर ने सामुदायिक स्वास्थ्य जैतपुर का भी औचक निरीक्षण निरीक्षण किया। केंद्र की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था,दवाओं की उपलब्धता, डॉक्टरों की उपस्थिति एवं सीसीटीवी कैमरों की स्थिति संतोषजनक पाई गई।
मौके पर मौजूद मरीज के तीमारदार ने अपनी पुत्री को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं पर पूर्ण संतोष व्यक्त किया। आयुक्त ने निर्देश दिए कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं निरंतर उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। इसलिए जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।