फांसी लगाकर युवक ने खुदकुशी कर ली। इधर डर के कारण मृतक के भाई शव को नाले में फेंक आये।
लखनऊ के गौतमखेड़ा स्थित बांक नाले में राधा कृष्ण खेड़ा गांव निवासी अमित का शव मिलने के मामले में नया मोड़ आ गया है। छानबीन में सामने आया है कि परिवार में झगड़े के बाद अमित ने फंदा लगा लिया था। अमित की आत्महत्या से उनके भाई डर गए थे। सगे भाइयों ने मौसेरे भाई के साथ मिलकर शव को ऑटो से ले जाकर बांक नाले में फेंक दिया था।एसीपी मोहनलालगंज विकास कुमार पांडेय के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फंदा लगाने से अमित की मौत की पुष्टि हुई है। विसरा सुरक्षित रखा गया है। संदेह के आधार पर अमित के बड़े भाई बेचालाल व छोटे भाई प्रेम को हिरासत में लिया गया था। पूछताछ में दोनों ने बताया कि 21 नवंबर की रात अमित से उन लोगों का झगड़ा हुआ था। इसके बाद अमित ने फंदा लगा लिया था। दोनों ने मौसेरे भाई बंथरा निवासी मुकेश को फोन किया। गिरफ्तारी के डर से मुकेश को घर बुलाने के बाद तीनों ने शव को फंदे से नीचे उतारा और ठिकाने लगाने के लिए देर रात में शव को ऑटो से लेकर गए। इसके बाद दो बोरियों में मौरंग भरने के बाद शव को उसी से बांध दिया और नाले में डालकर वापस घर आ गए। दो दिन तक आरोपियों ने अमित के बारे में चर्चा तक नहीं की। पोस्टमार्टम के बाद अमित का शव घर पहुंचा। थानाध्यक्ष अनुज कुमार तिवारी ने बताया कि परिजनों से तहरीर लेकर आत्महत्या के लिए उकसाने की एफआईआर दर्ज की जाएगी। तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पुलिस पूंछतांछ कर रही है।