उत्तर प्रदेश की राजधानी, अयोध्या सहित कई जिलों में बम की धमकी भरा मेल मिली है। बम निरोधक दस्ता सहित पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
यूपी में लखनऊ, अयोध्या और वाराणसी समेत 19 जिलों की कचहरी में बम विस्फोट करने की धमकी भरे मेल से हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही कचहरी परिसर को तत्काल खाली करा लिया गया है। इस घटना के मद्देनजर पूरे परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कचहरी को वकीलों व वादकारियों से खाली कराया जा रहा है। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और परिसर की गहन तलाशी ली जा रही है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। धमकी भरे मेल की जांच की जा रही है कि यह किसने और क्यों भेजा है। सीजेएम ने सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाल ली है। सीओ सिटी सहित काफी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। फिलहाल, किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है। पुलिस ने कहा कि धमकी देने वाले कि सुरागरसी की जा रही है। जल्द ही उसे पकड़ा जाएगा।