माँ के साथ जा रही मूक बधिर युवती को लोडर चालक दिन दहाड़े अगवा कर लिया। अगवा करने के बाद में जंगल में ले गया। सूचना पर पुलिस ने युवती को सुरक्षित बरामद करते हुए आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है।
कन्नौज जिले में ठठिया थाना क्षेत्र के भूड पूर्वा गांव में कानपुर देहात के सिकंदरा थाना क्षेत्र के हरियरपुर गांव निवासी लोडर चालक लाला (40 ) सोमवार की दोपहर खेत से चारा लेने जा रही मूकबधिर युवती को उसकी मां के साथ जाते समय जबरन लोडर में बैठाकर खैरनगर की ओर फरार हो गया था। युवती की मां द्वारा शोर मचाने पर ग्रामीण एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एसपी विनोद कुमार, एएसपी अजय कुमार व सीओ तिर्वा कुलवीर सिंह ठठिया थाने पहुंचे। लोडर की तलाश के लिए एसपी ने नौ टीमों का गठन कर कार्रवाई शुरू कर दी। घटना के बाद करीब नौ घंटे बाद लोडर की लोकेशन जनखत के पास मिली। घेराबंदी के दौरान आरोपी जंगल की ओर भागने लगा और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। उसे पुलिस द्वारा उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज, तिर्वा में भर्ती कराया गया है।थानाध्यक्ष देवेश कुमार ने बताया कि मूकबधिर युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है।