झांसी-गोली मारकर महिला ऑटो चालक की हत्या,महिला मित्र व उसके बेटों पर हत्या की रिपोर्ट

SHARE:

गोली मारकर महिला ऑटो चालक की हत्या कर दी गई। परिजनों ने महिला के मित्र व उसके बेटो पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
झांसी की पहली महिला ऑटो चालक अनीता चौधरी (40) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। देर-रात उसका रक्त रंजित शव सुकुवां-ढुकुवां कॉलोनी के पास पड़ा मिला। थोड़ी दूर पर ऑटो सड़क पर पलटी हुई थी। परिजन हत्या के साथ लूटपाट का आरोप लगा रहे हैं। पहले पुलिस इसे हादसा ठहरा रही थी लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर पूरी कहानी पलट गई। अब पुलिस घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अनीता के मित्र मुकेश झा, उसके पुत्र शिवम समेत मनोज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शिवम एवं मनोज को हिरासत में लिया है। मुख्य आरोपी मुकेश की तलाश में पुलिस देर-रात तक दबिश देती रही। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया है। नवाबाद थाने के तालपुरा मोहल्ला के आंबेडकर नगर निवासी अनीता ने घर की आर्थिक स्थिति अच्छी न होने पर ऑटो चलाना शुरू किया था।
रात करीब 9:30 बजे वह घर से ऑटो लेकर निकली थी। रात 1:30 बजे उसका शव सुकुवां-ढुकुवां कॉलोनी के पास पड़ा मिला। उसके गले एवं सिर के आसपास खून के निशान थे। पचास मीटर दूर उसकी ऑटो पलटी हुई थी। नवाबाद पुलिस मौके पर पहुंची। अनीता के परिवार के लोग भी आ गए। अनीता के देवर दिलदार सिंह ने हत्या कर लूटपाट का आरोप लगाया। उसने कहा कि शरीर से मंगलसूत्र, कान-नाक के गहने, पायल एवं मोबाइल गायब है।
तीन साल पहले हुई थी मुकेश से दोस्ती
हत्यारोपी मुकेश झा से अनीता की दोस्ती करीब तीन साल से थी। मुकेश एक होटल चलाता है। इसके साथ ही अन्य छोटे-बड़े काम भी मुकेश करता है। पुलिस को छानबीन में मालूम चला कि दोस्ती के बाद से मुकेश ने अनीता के लिए कई जेवर भी बनवाए थे।
दोनों अक्सर साथ में रहते थे लेकिन कुछ समय से उनमें विवाद होने लगा था। अनीता ने मुकेश की शिकायत नवाबाद थाने में भी दर्ज कराई थी। कुछ महीने पहले दोनों के बीच स्टेशन पर मारपीट भी हुई थी। परिवार के लोग भी अनीता के साथ थाने पहुंचे थे। कंट्रोल रूम को जैसी सूचना दी गई थी उसके मुताबिक पहले यह हादसा लग रहा था। चश्मदीद के सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत नामजद रिपोर्ट दर्ज की। हत्या की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी हुई है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई