शादी करने की जिद पर अड़ी मुंबई की युवती को प्रेमी ने पहले जमकर शराब पिलाई। फिर इसके बाद पत्नी के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। पहचान छिपाने के लिए उसका सर भी कूच दिया। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ लिया है।
विगत शुक्रवार को गोरखपुर के पीपीगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत हत्या कर पुल के नजदीक फेंका गया शव मुंबई की युवती प्रिया का निकला। पुलिस की जांच के मुताबिक,युवती का प्रेम प्रसंग सहजनवां इलाके के एक शादीशुदा युवक विजय के साथ चल रहा था। युवती शादी का दबाव बना रही थी। युवक ने पीछा छुड़ाने के लिए पत्नी संध्या के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। शव की पहचान छिपाने के लिए चेहरा ईंट से कूच दिया। इसके बाद उसे निर्वस्त्र करके झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस दंपती विजय-संध्या समेत तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस जांच के अनुसार, सहजनवां थाना क्षेत्र के मारड़ पाली गांव का निवासी विजय मुंबई में प्राइवेट नौकरी करता था। वहां उसकी मुलाकात प्रिया नामक युवती से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध बने। दोनों लिव इन में भी रहने लगे। प्रिया जब शादी करने और घर ले चलने का दबाव बनाने लगी। तब विजय उसे छोड़कर मुंबई से भाग आया था। यहां आने पर कुछ दिन तक बातचीत करता रहा। प्रेमी को पीछा छुड़ाता देख प्रिया उसकी तलाश करते हुए पीपीगंज पहुंच गई। यहां आने के बाद उसे पता चला कि विजय शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। हालांकि प्रिया उसकी दूसरी पत्नी बनने को तैयार थी,लेकिन उसकी पहली पत्नी संध्या को यह मंजूर नहीं था। आरोप है कि घर में कलह बढ़ने पर विजय और उसकी पत्नी संध्या ने मिलकर युवती की हत्या की साजिश रची। साजिश के तहत विजय प्रिया को ससुराल लेकर गया और वहां उसे खूब शराब पिलाई। फिर अपने साले के साथ स्कूटी पर उसे ले जाकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पहचान छिपाने के लिए चेहरे को ईंट से कूंच दिया। इसके बाद शव को निर्वस्त्र कर पीपीगंज थाना क्षेत्र के गोबरहिया नाले के पुल के नीचे झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी जानते थे कि कपड़े और अन्य सामान से पुलिस पहचान कर सकती है। इसके बाद दोनों वहां से भाग निकले। सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए आरोपी
शव मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। पीपीगंज कस्बे में इलाहाबाद बैंक के सामने लगे कैमरे में नीली स्कूटी पर दो संदिग्ध युवक कैद हो गए। यही फुटेज पुलिस के लिए अहम कड़ी साबित हुई। दरअसल, पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की तो वारदात वाली रात करीब 11:20 बजे एक नीली स्कूटी पर तीन लोग जाते दिखे। जबकि वापसी में करीब 12 बजे केवल दो लोग ही लौटे। इन्हें संदिग्ध मानकर पुलिस ने गहनता से जांच शुरू की। इसके बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई। बताया जा रहा है कि पूछताछ में आरोपी ने वारदात कबूल ली है। इसके बाद पुलिस ने युवती के परिजनों से संपर्क कर वारदात की जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि मुंबई से प्रिया के परिवार के आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। दूसरी पत्नी बनने को भी राजी थी प्रिया
विजय की शादी 10 साल पहले पीपीगंज वार्ड नंबर पांच सपहिया निवासी संध्या से हुई थी। उसके दो बच्चे हैं। आठ साल की बेटी और दो साल का बेटा है। विजय की सास यशोदा को जब वारदात की जानकारी हुई तो वह सदमे में आ गईं। पहले तो वह कुछ भी बताने से इन्कार करती रहीं, लेकिन बाद में फफक कर रो पड़ीं। उनका कहना है कि बेटी और दामाद की नादानी के चलते उनके दोनों मासूम बच्चों का अब भविष्य भी खतरे में पड़ गया है। लेकिन प्रिया विजय की दूसरी पत्नी बनने के लिए भी राजी थी। लेकिन संध्या इसके लिए बिल्कुल तैयार नहीं थी।