झांसी जनपद के गरौठा से पूर्व विधायक दीप नारायण यादव के खिलाफ शिकंजा कसते हुए पुलिस ने उनकी 20 करोड़ से अधिक की संपत्ति कुर्क किये जाने की कार्यवाही की है।
शनिवार दोपहर सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम की अगुवाई में पहुंची पुलिस टीम ने कारगुवा स्थित उनके प्लॉट पर कुर्की संबंधी बोर्ड लगाया। इसके पहले पुलिस बल ने डुगडुगी पिटवाकर इस जमीन की कुर्क हो जाने का ऐलान किया। पुलिस ने कुर्क की हुई जमीन की हदबंदी करके वहां कुर्की संबंधी नोटिस भी चश्पा नोटिस भी लगा दिया। पूर्व विधायक के खिलाफ मोंठ थाने में डकैती एवं रंगदारी मांगने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज है। इसके बाद से पूर्व विधायक को पुलिस तलाश करने में जुटी है। एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति का कहना है कि आगे भी कुर्की कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी की न्यायालय के आदेश पर वाद सं. 4466/2025 में धारा 14(1) उ०प्र० गिरोहबन्द एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 के अंतर्गत पारित आदेश के अनुपालन में की गई। आदेशानुसार राज्य सरकार बनाम दीपक उर्फ दीपनारायण पुत्र बलभद्र सिंह, निवासी ग्राम बुढ़ावली, थाना मोंठ, जनपद झांसी में अवैध एवं अनियमित ढंग से अर्जित कुल ₹20,26,52,260/- (बीस करोड़ छब्बीस लाख बावन हजार दो सौ साठ रुपये) की चल/अचल संपत्तियों को जब्त/कुर्क किए जाने हेतु निर्देश निर्गत किए गए थे। जिस पर पुलिस प्रशासन ने दीपक उर्फ दीपनारायण के तीन विभिन्न स्थानों (भगवन्तपुरा, करगुंवा जी एवं पनगुआं) पर स्थित सम्पत्ति जब्त की गई है।
कई थानों में दर्ज हैं अलग-अलग मुकदमे
पूर्व विधायक को झांसी पुलिस कई दिन से तलाश रही है। उनके खिलाफ भुजौंद गांव निवासी प्रेम सिंह पालीवाल ने 20 नवंबर 2025 को मोंठ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप लगाया है कि पूर्व विधायक व उनके साथियों ने उनकी पुस्तैनी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की। इसका विरोध करने पर धमकाया और 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। शिकायत पर पुलिस ने डकैती,रंगदारी,धमकी और अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की है। पूर्व विधायक पर विभिन्न थानों में भी करीब 48 आपराधिक मामले दर्ज हैं।