दिल्ली-विमान हादसे में महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम सहित पांच की मौत,पीएम ने जताया दुःख

SHARE:

विमान हादसे में महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे पर पीएम नरेन्द्र मोदी,गृह मंत्री अमित शाह आदि ने दुःख जताया है।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत बुधवार सुबह पुणे जिले में एक विमान दुर्घटना में हो गई। अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा उस समय हुआ जब विमान महाराष्ट्र के बारामती में लैंडिंग कर रहा था। इस घटना से देश भर में शोक की लहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बात की है और हादसे की जानकारी ली। वहीं, एनसीपी कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल, एनसीपी-एससीपी सांसद सुप्रिया सुले, अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार और बेटा पार्थ पवार, दिल्ली से बारामती के लिए रवाना हो चुके हैं।
पीएम,गृह मंत्री ने व्यक्त की शोक संवेदना
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर भावुक पोस्ट में लिखा, ‘बारामती, महाराष्ट्र में हुए दुखद विमान हादसे से बहुत दुख हुआ। मेरी संवेदनाएं उन सभी के साथ हैं जिन्होंने इस हादसे में अपने प्रियजन खो दिए। मैं इस क्षण में शोकग्रस्त परिवारों के लिए शक्ति और साहस की प्रार्थना करता हूं।’ पीएम मोदी ने लिखा, ‘अजित पवार जी लोगों के नेता थे, जिनका जमीनी स्तर पर मजबूत संबंध था। उन्हें महाराष्ट्र के लोगों की सेवा में मेहनती और समर्पित व्यक्ति के रूप में व्यापक सम्मान मिला। प्रशासनिक मामलों की उनकी समझ और गरीब व वंचितों को सशक्त बनाने का उनका जुनून भी उल्लेखनीय था। उनका आकस्मिक निधन बेहद स्तब्ध करने वाला और दुखद है। उनके परिवार और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ॐ शांति।’ वहीं, गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा, आज एक दुःखद हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और NDA के हमारे वरिष्ठ साथी अजित पवार जी को खो देने की सूचना से मन अत्यंत व्यथित है। अजित पवार जी ने बीते साढ़े तीन दशकों में जिस प्रकार महाराष्ट्र के हर वर्ग के कल्याण के लिए खुद को समर्पित किया, उसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। वे जब भी मिलते थे, महाराष्ट्र की जनता के कल्याण संबंधी अनेक विषयों पर लंबी चर्चा करते थे। उनका निधन NDA परिवार के साथ ही मेरे लिए भी व्यक्तिगत क्षति है। मैं पवार परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। शोक की इस घड़ी में पूरा NDA शोक-संतप्त पवार परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ॐ शांति शांति शांति।’ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, ‘जमीन से गहरा जुड़ाव रखने वाले जनता के नेता, मेरे मित्र और सहयोगी, उप-मुख्यमंत्री अजित दादा पवार की विमान दुर्घटना में मृत्यु की खबर अत्यंत हृदयविदारक है। यह आत्मा को झकझोर देने वाली घटना है। मन सुन्न हो गया है। अपनी भावनाएं शब्दों में व्यक्त करने की शक्ति नहीं बची है। मैंने अपने एक मजबूत और उदार मित्र को खो दिया। यह मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। ऐसी क्षति जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती। आज का दिन महाराष्ट्र के लिए अत्यंत कठिन है। मैं दादा को हृदय से श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। हम उनके पूरे परिवार और एनसीपी परिवार के दुख में सहभागी हैं। इस दुर्घटना में चार अन्य लोगों ने भी अपनी जान गंवाई। हम उनके परिवारों के साथ भी समान रूप से शोक साझा करते हैं।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई