तुर्कमान गेट में फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास अतिक्रमण अभियान के दौरान पत्थर बाजी करने वालों की पहचान जारी है। पुलिस के मुताबिक 30 उपद्रवियों की पहचान कर ली गई है। जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे है।
दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी के तुर्कमान गेट में फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास दिल्ली नगर निगम (MCD) के अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान हुई पत्थरबाजी की घटना से जुड़े 30 लोगों की पहचान कर ली है। इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। उधर, गुरुवार को फिर से तुर्कमान गेट के पास अतिक्रमण हटाने का अभियान फिर से शुरू हो गया है। पुलिस के मुताबिक, पत्थरबाजी की घटना के सिलसिले में 30 लोगों की पहचान की गई है। उन्होंने CCTV फुटेज और वायरल वीडियो की मदद से उनकी पहचान की है। पुलिस टीमें उन्हें हिरासत में लेने के लिए छापेमारी कर रही हैं।
संबंधित घटनाक्रम में दिल्ली पुलिस समाजवादी पार्टी के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी को जांच में शामिल होने के लिए समन भेजेगी। हिंसा से पहले मोहिबुल्लाह नदवी मौके पर मौजूद थे। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के बार-बार अनुरोध के बावजूद, वह उसी इलाके में रहे। यह घटना दिल्ली हाई कोर्ट के निर्देशों के बाद रामलीला मैदान के पास फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास एमसीडी की ओर से चलाए गए अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान हुई। दिल्ली पुलिस के अनुसार, सात जनवरी को तड़के अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई, इससे पहले अमन कमेटी के सदस्यों और अन्य स्थानीय हितधारकों के साथ शांति बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए कई समन्वय बैठकें की गईं। इस बीच, पत्थरबाजी की घटना के आरोपियों को एक दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, आरोपियों के वकीलों ने यह जानकारी दी। जमानत याचिकाएं दायर की गईं और गुरुवार को सुनवाई तय की गई। आरोपी काशिफ, मोहम्मद कैफ और मोहम्मद अरीब का प्रतिनिधित्व कर रहे दिल्ली के वकील एम असद बेग ने कहा कि कोर्ट ने बचाव पक्ष को एफआईआर की कॉपी देने के बाद एक दिन की न्यायिक हिरासत दी है। वकील बेग ने कहा, “जज के आदेश के बाद हमें एफआईआर की कॉपी दी गई। इसके बाद हमने जमानत याचिका दायर की है। जज ने एक दिन की न्यायिक हिरासत दी है। जमानत याचिका पर शुक्रवार को तीस हजारी कोर्ट में सुनवाई होगी। आरोपी समीर का प्रतिनिधित्व कर रहे दिल्ली के वकील मोहम्मद आकिफ ने भी इसी तरह की बात कही और कहा कि कोर्ट ने एक दिन की न्यायिक हिरासत की अनुमति दी है। उन्होंने कहा, “जज ने एक दिन की ज्यूडिशियल कस्टडी दी है। हमें अभी एफआईआर की कॉपी मिली है। हम देखेंगे कि आगे क्या करना है। दिल्ली पुलिस ने सात जनवरी की तड़के तुर्कमान गेट इलाके में फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास दिल्ली नगर निगम (MCD) की तरफ से चलाए गए अतिक्रमण हटाने के अभियान के दौरान हुई पत्थरबाजी की घटना में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान काशिफ, मोहम्मद कैफ,मोहम्मद अरीब,अदनान और समीर के रूप में हुई है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, शांति बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अमन कमेटी के सदस्यों और अन्य स्थानीय लोगों के साथ कई कोऑर्डिनेशन मीटिंग के बाद 7 जनवरी को तड़के अतिक्रमण हटाया गया था। अब मलबा हटाने का काम जारी है। पथराव में पांच पुलिसकर्मी हुए घायल
दिल्ली के तुर्कमान गेट क्षेत्र में एक मस्जिद के पास अतिक्रमण हटाने के दौरान हिंसा भड़क गई।फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के अमले और पुलिसकर्मियों पर उग्र भीड़ ने पथराव कर दिया, जिसमें एसएचओ समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। बेकाबू भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज के साथ ही आंसू गैस के गोले दागने पड़े। पुलिस ने पांच उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है,जबकि 25 अन्य को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। चांदनी महल थाने में विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। तनाव के मद्देनजर इलाके में अर्द्धसैनिक बलों की कई कंपनियां तैनात की गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों में काशिफ,मो. कैफ,मो. अरीब,अदनान व समीर शामिल हैं। सीसीटीवी कैमरों से अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। क्षेत्र में भीड़ जुटने पर पाबंदी लगा दी गई है। जोन के उपायुक्त विवेक अग्रवाल ने बताया, हाईकोर्ट के आदेश पर पुरानी दिल्ली के तुर्कमान गेट क्षेत्र में मंगलवार देर रात अभियान चलाकर फैज-ए-इलाही मस्जिद के आसपास करीब 36 हजार वर्गफीट जमीन अतिक्रमण मुक्त कराई गई है। वहीं अभियान कभी भी जारी है। सुरक्षा को लेकर भारी पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है।