चित्रकूट जनपद के दौरा करते हुए आयुक्त ने नगर पालिका कर्वी एवं विकासखंड कार्यालय कर्वी का निरीक्षण औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण करने के साथ कमिश्नर ने ग्राम रौली कल्याणपुर में ग्राम में चौपाल लगाकर समस्याएं सुनी। समस्याएं सुनने के साथ गांव वालों को सरकार की योजनाओं से सम्बंधित जानकारियां भी प्रदान की।
आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल अजीत कुमार ने मंगलवार को चित्रकूट जिले के तहसील कर्वी,नगर पालिका,विकासखंड कार्यालय का निरीक्षण किया। इसके बाद वह ग्राम रौली कल्याणपुर का निरीक्षण कर जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था,जन प्रसाधन एवं वाहन पार्किंग की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।तहसील कर्वी के निरीक्षण के दौरान उपस्थित उपजिलाधिकारी को निर्देशित किया गया कि पीठासीन अधिकारी नियमित रूप से बैठकर राजस्व वादों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें तथा तीन वर्ष से अधिक समय से लंबित वादों का नियमानुसार एवं प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पारित निर्णयों को आरसीएमएस पोर्टल पर नियमित रूप से अपलोड करने एवं राजस्व कर्मियों के कार्यों की सतत समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, वादकारियों की सुविधा एवं पारदर्शिता बनाए रखने पर भी विशेष बल दिया गया। नगर पालिका कर्वी के निरीक्षण में साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था एवं पार्किंग व्यवस्था ठीक मिली। आयुक्त ने अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया कि नगर क्षेत्र में नियमित रूप से नालियों एवं सड़कों की सफाई, स्ट्रीट लाइटों का रखरखाव,एंटीलार्वा फॉगिंग,ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं कूड़ा संग्रहण की प्रभावी निगरानी की जाए। साथ ही ऑफलाइन एवं ऑनलाइन प्राप्त जनशिकायतों का समयबद्ध के साथ गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करते हुए शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।विकासखंड कर्वी कार्यालय के निरीक्षण में समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित पाए गए तथा परिसर की व्यवस्थाएं संतोषजनक रहीं। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत नोटिस सुनवाई कार्य की समीक्षा करते हुए बताया गया कि नोटिसों की सुनवाई की जा रही है। खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया गया कि अवशेष नोटिसों के निस्तारण हेतु विस्तृत कार्ययोजना बनाकर समयबद्ध सुनवाई सुनिश्चित करें। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, गौशाला संचालन,मनरेगा तथा स्वच्छ भारत मिशन सहित अन्य विकास योजनाओं की नियमित समीक्षा कर लाभार्थियों को समय से लाभान्वित कराये। सभी शासकीय कर्मचारियों के अवकाश संबंधी प्रार्थना पत्र मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से निस्तारित किए जाएं तथा सभी पत्रावलियां ई-ऑफिस के माध्यम से संचालित हों। कोई भी पत्रावली भौतिक रूप से सृजित न की जाए।दिव्यांग,निराश्रित एवं वृद्ध व्यक्तियों का चिन्हांकन कर उन्हें सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं से लाभान्वित कराया जाए।शासन स्तर से प्राप्त धनराशि का नियमानुसार भुगतान कर जनकल्याण में सदुपयोग सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। ग्राम रौली कल्याणपुर में आयोजित ग्राम चौपाल में आयुक्त द्वारा गांव वालों की समस्याओं को सुना गया। ग्रामीणों द्वारा पेयजल आपूर्ति न होने की शिकायत की गई। जिस पर जल निगम विभाग के अधिकारी ने अवगत कराया कि ग्राम में पाइपलाइन बिछाने का कार्य निर्माणाधीन है। जो 20 मार्च 2026 तक पूर्ण हो जाएगा। निर्देशित किया गया कि अवशेष निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराकर नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही ग्रामीणों द्वारा एक बारात घर एवं एक मोक्षधाम की मांग किए जाने पर जिला पंचायतराज अधिकारी, चित्रकूट को दोनों के प्रस्ताव नियमानुसार तैयार कर शासन को प्रेषित करने के आयुक्त ने निर्देश दिए। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र व्यक्तियों को सरकार की योजनाओं से लाभान्वित कराये। गाँव में सड़क व नाली की नियमित साफ-सफाई करायी जाए। सभी पात्र व्यक्तियों को गोल्डन कार्ड,पेंशन का लाभा दिलाया जाए। पंचायत सचिव, लेखपाल नियमित रूप से पंचायत भवन में बैठे। कामन सर्विस सेन्टर नियमित रूप से संचालित हो तथा भूमि विवाद एवं अतिक्रमण से संबंधित प्रकरणों का त्वरित,निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए।