जन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी। शिकायतो का समय से निस्तारण करने के साथ पीड़ितों को भी संतुष्ट करें। उपरोक्त निर्देश आयुक्त तथा डीआईजी ने समाधान दिवस पर अधिकारियों को दिए।
आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल अजीत कुमार तथा पुलिस उप महानिरीक्षक राजेश एस ने चित्रकूट जनपद के मानिकपुर तहसील में समाधान दिवस में बैठकर फरियादियों की समस्याएं सुनी। इस दौरान कमिश्नर तथा डीआईजी ने कई शिकायतों का मौके पर निस्तारण भी कराया।लंबित प्रकरणों के निस्तारण के लिए सम्बंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। तहसील दिवस के दौरान प्राप्त सभी शिकायतों पर आयुक्त अजीत कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनकी त्वरित,पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने उप जिलाधिकारी और तहसीलदार को विशेष रूप से निर्देशित किया कि तहसील स्तर पर लंबित सभी वादों,विशेषकर पैमाइश एवं अविवादित वरासत से सम्बंधित मामलों का शीघ्र निस्तारण कराये। कहा कि सरकार की मंशा है कि पीड़ितों को बेवजह परेशान न किया जाए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आगामी ठंड से निपटने की पूर्ण तैयारियाँ रखें तथा जनसुविधाओं का निरंतर निरीक्षण करते हुए उनकी गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित करें। डीआईजी राजेश एस ने कहा कि शिकायतों का समय से निस्तारण करने के साथ पीड़ितों को भी संतुष्ट करें।