प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ताला लटका मिलने पर कमिश्नर ने फटकार लगाते हुए सीएमओ को कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। पीएचसी सहित आयुक्त ने धान क्रय केंद्रों का भी निरीक्षण किया।
पारदर्शी ढंग से धान क्रय व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के उद्देश्य से आयुक्त चित्रकूट धाम मण्डल बाँदा अजीत कुमार द्वारा शुक्रवार को जनपद चित्रकूट के दो धान क्रय केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया गया। आयुक्त ने सबसे पहले कर्वी मंडी परिसर धान क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान विपणन निरीक्षक विनय कुमार मिश्रा मौके पर मौजूद मिले। उनके द्वारा बताया गया कि अब तक 33 कृषकों से कुल 1348 कुंतल धान की खरीद की जा चुकी है। सभी कृषकों को धान खरीद का भुगतान भी किया जा चुका है। इस दौरान 48 घंटे से अधिक समय का कोई भुगतान लंबित नहीं पाया गया। इस संबंध में मौके पर उपस्थित कृषकों से भी आयुक्त के द्वारा धान खरीद प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली गई। किसानों द्वारा किसी भी प्रकार की समस्या न होने की बात कही गई। आयुक्त ने निर्देशित किया कि किसानों के साथ विनम्र व्यवहार करे। क्रय-प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा भुगतान की समयबद्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। इसके बाद कमिश्नर मंडी समिति कर्वी धान क्रय केंद्र पहुंचे। निरीक्षण के दौरान मंडी सहायक उपस्थित पाए गए। उनके अनुसार अब तक 26 कृषकों से 923 कुंतल धान की खरीद सम्पन्न हो चुकी है। सभी किसानों का भुगतान पूरी तरह किया जा चुका है। निर्देश देते हुए आयुक्त ने कहा कि केंद्र पर साफ-सफाई बनाए रखते हुए किसानों की सुविधाओं का विशेष ख्याल रखा जाए। बेवजह उन्हें खरीद के नाम पर इंतज़ार न कराये। क्रय केंद्र के कमिश्नर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सीतापुर पहुंचे। जहाँ कमिश्नर ने अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में ताला लटका मिला। जिस पर कमिश्नर ने कड़ी नाराजगी जताई। कमिश्नर ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी चित्रकूट से तत्काल स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्देशित किया गया कि केंद्र पर नियमित चिकित्सकीय सेवाएँ हर परिस्थिति में उपलब्ध रहें।समस्त डॉक्टरों कि उपस्थिति समय से दर्ज होनी चाहिए। अगर बिना बताया डॉक्टर व स्टाफ गायब हुआ तो वह कड़ी कार्यवाही करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।