लूट के बाद इवेंट मैनेजर की हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। हत्या करने के बाद उसका शव दफना दिया गया। पुलिस ने एक युवक को पकड़ा है। जिसकी निशानदेही पर शव को पुलिस ने बरामद कर लिया है।
बरेली जनपद थाना बारादरी इलाके के दुर्गा नगर निवासी 30 वर्षीय इवेंट मैनेजर पूजा राणा की लूट के बाद हत्या कर शव को खेत में दफन कर दिया गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव खेत से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जिला अस्पताल की मोर्चरी पर मृतका के भाई मनोज राणा ने बताया कि पूजा 12 जनवरी को अपनी मां महेंद्री देवी और बहन शालिनी राणा से शादी इवेंट में जाने की बात कहकर घर से निकली थी।अगले दिन जब पिता प्रेम सिंह ने बेटी की चिंता में फोन किया तो मोबाइल स्विच ऑफ मिला। आसपास काफी तलाश की गई और कई लोगों से जानकारी ली, लेकिन संतोषजनक जानकारी नहीं मिली। इसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज की मदद से एक युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान रिठौरा निवासी विमल के रूप में हुई है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने पूजा की हत्या कर केसीएमटी कॉलेज के पास एक सुनसान खेत में गड्ढा खोदकर शव को दफन कर दिया था। पूजा के पिता प्रेम सिंह का आरोप है कि उनकी बेटी स्कूटी, तीन अंगूठी, दो चेन, पेंडल और कुंडल पहने हुए थी। उनका कहना है कि लूट के इरादे से ही आरोपी ने मफलर से गला दबाकर हत्या की साजिश रची। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खेत की खोदाई कर शव बाहर निकलवाया। पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हर पहलू पर जांच की जा रही है।