बरेली के बारादरी क्षेत्र में क्लीनिक खोलकर बैठे झोलाछाप ने आंत की बीमारी से जूझ रहे बच्चे के अंडकोष का ऑपरेशन कर डाला। अधिक खून बहने के कारण बच्चे की हालत बिगड़ गई। पीड़ित बच्चे को परिजन पीजीआई लखनऊ लेकर गए तो झोलाछाप की करतूत का पता चला। बच्चे के पिता ने बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। डोहरा गौटिया निवासी शिशुपाल के पुत्र अजय के पेट में समस्या थी। शिशुपाल ने अजय को बारादरी क्षेत्र सनराईज कॉलोनी के पास स्थित पृथ्वी फार्मा क्लीनिक पर दिखाया। वहां झोलाछाप जयवीर ने बताया कि अजय के निजी अंग में समस्या है, जिसे चीरा लगाकर ठीक कर दूंगा। जयवीर ने बताया कि ऐसे ऑपरेशन कर कई मरीजों को ठीक कर चुका है। शिशुपाल के मुताबिक जयवीर ने ऑपरेशन करने के लिए 20 हजार रुपये छह दिसंबर को जमा करा लिए। जयवीर ने अजय को कमरे ले जाकर ऑपरेशन कर दिया। इसके बाद 25 दिन में तीन बार टांके बदले और रोज पट्टी भी की। पट्टी के 500 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से वसूले। अजय के लगातार रक्तश्राव होता रहा जिसके कारण उसकी हालत बिगड़ गई। हालत बिगड़ने पर परिजन पीजीआई लखनऊ ले गए। तब मामले की सच्चाई सामने आ सकी। तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।