माफिया मुख्तार अंसारी के करीबी तथा शूटर की अज्ञात बदमाशों ने दिन दहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपियों के पकड़ने पुलिस की कई टीमें लगाई गई है।
बाराबंकी में थाना कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत असैनी मोड़ के पास शुक्रवार दोपहर अज्ञात बदमाशों ने सिविल लाइन निवासी अधिवक्ता सुयेब उर्फ बॉबी की गोली मारकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि अधिवक्ता सुयेब उर्फ बॉबी लखनऊ से बाराबंकी की ओर अपनी बलेनो कार से आ रहे थे। जैसे ही उनकी कार असैनी मोड़ ब्रिज के ऊपर पहुंची, पहले से घात लगाए बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजय वर्गीय और अपर पुलिस अधीक्षक विकास त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। पुलिस ने हमलावरों की तलाश में इलाके की घेराबंदी कर दी है। घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। मृतक माफिया मुख्तार अंसारी का शूटर था। वह मुख्तार के गैंग में शामिल रहा है।