दुर्घटना के तीन आधार,नशा-नींद और तेज रफ्तार? सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता की मुहिम पुलिस द्वारा लगातार जारी है। छात्राओं के द्वारा नुक्कड़ नाटक के तहत यातायात नियमों के प्रति आम-जनमानस को जागरूक किया गया। एएसपी तथा सीओ ट्रैफिक द्वारा आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों से सम्बंधित आवश्यक जानकारियां दी गई।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में यातायात सुरक्षा अभियान के अंतर्गत जनपद में होने वाली दुर्घटनाओं को नियंत्रित करने तथा यातायात नियमों के प्रति आम-जनमानस को जागरुक करने हेतु की जा रही कार्यवाही के क्रम में गुरुवार को अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज एवं क्षेत्राधिकारी यातायात प्रतिज्ञा सिंह के नेतृत्व में झंडा चौराहे पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान भगवती प्रसाद बालिका इण्टर कॉलेज की छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया। छात्राओं ने अपने अभिनय से यह समझाया कि बिना ड्राइविंग लाइसेन्स,हेलमेट के वाहन न चलाने,चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट अवश्य लगाने तथा ओवर स्पीड में वाहन न चलाने,शराब पीकर वाहन न चलाने,यातायात बत्तियों को देखकर ही चौराहो को पार करना, वाहन चलाते समय फोन से बात न करने तथा अपनी लेन में चलने आदि के संबंध में जागरुक किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए सभी को यातायात नियमो का पालन करना चाहिए। जिससे सभी सुरक्षित रहे। सीओ यातायात प्रतिज्ञा सिंह ने कहा कि समाज में दुर्घटनाओं को रोकने के लिए बिना हेलमेट व्यक्ति को ‘हेलमेट गिफ्ट’ करने की परंपरा अपनाई जानी चाहिए। ताकि सुरक्षा का संदेश हर घर तक पहुंचे। कार्यक्रम के उपंरात रैली निकालकर भी यातायात के प्रति को जागरुक किया गया। सीओ प्रतिज्ञा सिंह ने छात्राओं से आग्रह किया कि वह स्वयं नियमों का पालन करें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी जागरूक करें। कार्यक्रम में यातायात मास्टर ट्रेनर डॉ0 पीयूष मिश्रा,यातायात प्रभारी संजय कुमार मिश्रा,सुनील सक्सेना आदि मौजूद रहे।