1.38 लाख में शादीशुदा महिला को खरीदने के बाद दूसरे शादी रचाने वाले दूल्हे के बाद उसके दोस्त को भी पुलिस ने पकड़ लिया है। वहीं माँ तथा भाई की तलाश जारी है।
एसपी पलाश बंसल ने बताया कि जनपद चित्रकूट की रहने वाली एक पीड़िता द्वारा थाना एएचटीयू पर दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया कि दिनांक 20 नवम्बर को उसकी माता मुन्नी एवं भाई जयनारायण ने उसे जनपद बांदा लाकर जबरन हरियाणा के कृष्ण कुमार पुत्र शिवराम नामक एक अनजान व्यक्ति को ₹1,38,000/- में बेच दिया है। बेचने के बाद उसकी जबरन शादी भी करा दी है। जबकि पीड़िता पूर्व से ही शादीशुदा है । पीड़िता द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों एवं प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट द्वारा तत्काल सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विवेचना प्रारम्भ की गई।विवेचना के दौरान एकत्र पीड़िता के विस्तृत बयान, भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्यों,तथा अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस टीम लगातार आरोपितों की तलाश में सक्रिय थी। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने शादी करने वाले मुख्य आरोपी कृष्ण कुमार पुत्र शिवराम निवासी वासवार थाना हसनपुर तहसील होडल हरियाणा को मंगलवार को रेलवे स्टेशन ओवरब्रिज के आगे से गिरफ्तार किया था। वही दूसरे दिन दूल्हे के दोश्त बलराम निवासी बडोकी हरियाणा को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं महिला की मां व भाई की तलाश जारी है। पकड़ने वाली टीम में उप निरीक्षक अनिल उपाध्याय,आरक्षी प्रशांत यादव शामिल रहे।