अस्पताल की व्यवस्थाओ को बेहतर बनाने को लेकर कमिश्नर बेहद एक्टिव है।
कमिश्नर ने सीएचसी का निरीक्षण किया। जिस पर ड्यूटी रोस्टर सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित न मिलने पर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई।
समाधान दिवस नरैनी में जन शिकायते सुनने के बाद आयुक्त अजीत कुमार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नरैनी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में शौचालय बेहद गंदा मिला। अस्वच्छ पाये जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई। ड्यूटी रोस्टर सार्वजनिक स्थान पर प्रदर्शित नहीं मिला। साथ ही पोर्च क्षेत्र में लगी टाइल्स उखड़ी हुई पायी गयीं। जिस पर आयुक्त अजीत कुमार ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य केन्द्र की स्वच्छता व्यवस्था तत्काल सुदृढ़ करायी जाये। ड्यूटी रोस्टर को सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किया जाये। भवन की क्षतिग्रस्त संरचनाओं का शीघ्र मरम्मत कार्य सुनिश्चित कराये। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जायेगी। दोबारा निरीक्षण में खामियां मिली तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जायेगी। इसके पश्चात आयुक्त अजीत कुमार ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर, देवरार का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान समस्त चिकित्सक एवं कर्मचारी मौके पर मौजूद मिले। स्वास्थ्य सेवाएं व्यवस्थित रूप से संचालित होती पायी गयीं। उपस्थित चिकित्सक द्वारा अवगत कराया गया कि आज कुल 14 मरीजों की ओपीडी की गयी। सभी मरीजों को आवश्यक परामर्श एवं निःशुल्क दवाएं उपलब्ध करायी गयी। आयुक्त द्वारा निर्देशित किया गया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का अधिकतम लाभ आमजन को प्रदान किया जाये तथा नियमित रूप से मरीजों का गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित किया जाये। साथ ही स्वास्थ्य केन्द्र में स्वच्छता,औषधियों की उपलब्धता एवं मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए गये।