अवैध खनन को लेकर जनपद में कार्यवाही के साथ लगातार सख्ती जारी है। बालू खदान में छापेमारी करते हुए एडीएम ने खनन क्षेत्र की ड्रोन कैमरे से निगरानी कराई। जांच के दौरान बिल्कुल भी अवैध खनन नहीं पाया गया।
जिलाधिकारी जे रीभा के द्वारा अवैध खनन तथा परिवहन के विरुद्ध लगातार कार्यवाही जारी है। डीएम के निर्देश पर अफसर रोजाना खदानों में पहुंचकर खनन ले रहे हैं। सोमवार को अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) कुमार धर्मेंद्र ने आधिकारिक टीम के साथ जनपद के तहसील बबेरू स्थित ग्राम-मर्का खादर के खण्ड संख्या-04 में बालू/मोरम के स्वीकृत खनन पट्टा क्षेत्र की औचक जांच तथा निरीक्षण किया गया। खनन की जाच निर्धारित जियोकॉर्डिनेट्स के अनुसार तैयार की गयी। KML फाईल,गाटा सख्या व क्षेत्रफल के माध्यम से मिलान करने के उपरान्त अधिकारियों के द्वारा गहनता से जांच की गयी। जांच के दौरान पट्टाधारक द्वारा अपने स्वीकृत क्षेत्र के अन्दर खनन / परिवहन कार्य करता हुआ पाया गया। तथा उक्त खनन पट्टा क्षेत्र में सीमा स्तम्भ/पिलर भी अपने निर्धारित स्थान पर लगे हुये पाये गये। साथ ही ग्राम-मर्काखादर के खण्ड सं0-03 में बालू/मोरम के स्वीकृत खनन क्षेत्र, जिसमें ई०सी० प्राप्त होने की प्रक्रिया में है। खनन क्षेत्र की गहराई से जांच को लेकर अधिकारियों के द्वारा ड्रोन कैमरा का भी सहारा लिया गया। एडीएम कुमार धर्मेंद्र ने ड्रोन कैमरे की मदद से खनन क्षेत्र की तस्वीरें कैद करते हुए जांच भी की। इसके अलावा जीपीएस के माध्यम से भी जांच की गयी। सब कुछ ठीक-ठाक मिलने पर अधिकारियों के द्वारा पट्टाधारक को क्लीन चिट दी गई। गौरतलब हो कि विगत दिनों पैलानी क्षेत्र के अमलोर खदान में डीएम जे रीभा तथा एसपी पलाश बंसल ने खुद देर रात धावा बोला था। खदान की जांच करने के साथ-साथ डीएम एसपी ने ओवरलोड वाहनों को भी चेक किया था। डीएम ने पट्टाधारक को किसी भी दशा में अवैध खनन तथा परिवहन न किए जाने के निर्देश दिए थे। जनपद के मरौली खदान संचालक के द्वारा अवैध खनन किए जाने पर डीएम जे रीभा ने 2 करोड़ 32 लाख से अधिक का जुर्माना किया था। वही खपटिहा कला खदान में अवैध खनन पाए जाने पर जुर्माने की नोटिस निर्गत की गई है। अवैध खनन को लेकर डीएम द्वारा बरती जा रही सख्ती को लेकर खनन माफिया लगातार सकते में है।