संदिग्ध व्यक्तियों पर सुरक्षा कर्मी कड़ाई से नजर रखें। बैंक,एटीएम के अलावा आस-पास कोई संदिग्ध नजर आए तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। उपरोक्त हिदायत पुलिस ने बैंक चेकिंग के दौरान कर्मियों सहित सुरक्षा कर्मियों को दिए।
सोमवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र बांदा राजेश एस. के डायरेक्शन पर पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के द्वारा जनपद में सघन बैंक चेकिंग अभियान चलवाया। चेकिंग अभियान का उद्देश्य बैंकों, एटीएम एवं अन्य वित्तीय संस्थानों तथा उनके आसपास होने वाली आपराधिक घटनाओं जैसे लूट,छिनैती,चोरी एवं टप्पेबाजी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा। अभियान के तहत जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों द्वारा बैंक शाखाओं,एटीएम एवं वित्तीय संस्थानों का सघन निरीक्षण किया गया। चेकिंग के दौरान पुलिस के द्वारा बैंक के सुरक्षा मानकों को चेक किया गया। जिसमें सीसीटीवी कैमरे,आपातकालीन अलार्म सिस्टम,अग्निशामक यंत्र, आपातकालीन निकास मार्ग आदि की चेकिंग की गई। पुलिस कर्मियों के द्वारा बैंक/एटीएम प्रबंधन को 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस टीम द्वारा बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उन्हें आश्वस्त किया गया तथा सहयोग बनाए रखने की अपील की गई। साथ ही बैंक के सुरक्षा गार्डों को निर्देशित किया गया कि ग्राहकों के वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े कराए जाएं। जिससे यातायात व्यवस्था बाधित न हो और वाहन चोरी जैसी घटनाओं को नियंत्रित की जा सके। इसके अलावा संदिग्ध व्यक्तियों पर भी नजर बनाए रखे। इस दौरान बैंकों व एटीएम के आसपास संदिग्ध रूप से खड़े अथवा घूम रहे व्यक्तियों एवं वाहनों की भी जांच की गई तथा संदिग्ध पाए जाने पर उन्हें बैंक,एटीएम के आसपास नजर न आने की हिदायत दी गई।