जनरल स्टोर तथा पान मसाला की दूकान का ताला तोड़कर हुई चोरी की घटना का अनावरण करते हुए पुलिस ने अन्तर्जनपदीय चार चोरो को पकड़ा है। जिनके कब्जे से चोरी का माल तथा नगदी के अलावा तमंचे भी बरामद हुये है।
जानकारी देते हुए सहायक एसपी मेविस टॉक ने बताया कि विगत 3 जनवरी की रात कोतवाली नगर क्षेत्र के नजर बाग में रजनीश कुमार गुप्ता के जनरल स्टोर/पान मसाला की दूकान की शटर का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। लाखों का माल लेकर चोर फरार हो गए थे। घटना के खुलासे को लेकर पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने एसओजी तथा कोतवाली पुलिस सहित कई टीमे लगाई थी। इसी क्रम में थाना कोतवाली नगर व एसओजी की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा सीसीटीवी कैमरों, वैज्ञानिक व तकनिकी साक्ष्यों का प्रयोग कर अभियुक्तों की पहचान करते हुए गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के परागी तालाब स्थित एक अर्धनिर्मित मकान से घेराबन्दी करते हुए शिवम पुत्र राजू निवासी कुल्हैड़ा थाना मझगवां जनपद हमीरपुर,संजय उर्फ संजू पुत्र मूरध्वज निवासी इटैलिया थाना जरिया जनपद हमीरपुर,मनीष पुत्र जगमोहन निवासी इटौरा थाना मझगवां जनपद हमीरपुर,अमन उर्फ अभिषेक पुत्र अन्नू निवासी गांधीनगर म0न0-125 थाना कोतवाली उरई जनपद जालौन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। सहायक एसपी मेविस टॉक ने बताया कि अभियुक्तों के तलाशी/कब्जे से चोरी के 3550 रुपए, 01 लाख 96 हजार 100 रुपए के इनामी कूपन,अवैध तमंचा आदि सहित घटना में प्रयुक्त एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद हुई है। गिरफ्तार करने वाली टीम में शहर कोतवाल बलराम सिंह,एसओजी प्रभारी आनंद कुमार सिंह,बुद्धी सागर चौकी प्रभारी मर्दननाका,उप निरीक्षक इबरार सिद्दकी,जगदीश प्रसाद तिवारी,आरक्षी संदीप कुमार,गोविन्द यादव,कमल सिंह सेंगर,अमित कुशवाहा,ऋषभ कुमार,सत्यम गुर्जर,कृष्णकांत सिंह,महेन्द्र सिंह शामिल रहे।