जनपद के सभी बैंक/एटीएम सहित आसपास के इलाकों में पुलिस के द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।इस दौरान एटीएम/बैंक शाखाओं की चेकिंग कर सुरक्षा उपकरणों आदि को चेक किया गया।
डीआईजी चित्रकूटधाम परिक्षेत्र राजेश एस. के डायरेक्शन पर पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में सोमवार को जनपद के बैंक,एटीएम में सघन बैंक चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग अभियान का उद्देश्य बैंकों,एटीएम एवं अन्य वित्तीय संस्थानों तथा उनके आसपास होने वाली आपराधिक घटनाओं जैसे लूट,छिनैती,चोरी एवं टप्पेबाजी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के साथ आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा। अभियान के तहत जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों द्वारा बैंक शाखाओं,एटीएम एवं वित्तीय संस्थानों का सघन निरीक्षण किया गया। चेकिंग के दौरान सुरक्षा मानकों को चेक किया गया। जिसमें सीसीटीवी कैमरे,आपातकालीन अलार्म सिस्टम,अग्निशामक यंत्र, आपातकालीन निकास मार्ग आदि की पड़ताल की गई। बैंक अधिकारी कर्मचारियों को पुलिस ने बैंक/एटीएम में 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस टीम द्वारा बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उन्हें आश्वस्त किया गया, तथा सहयोग बनाए रखने की अपील की गई। साथ ही बैंक के सुरक्षा गार्डों को निर्देशित किया गया कि ग्राहकों के वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े कराए जाएं। जिससे यातायात व्यवस्था बाधित न हो। तथा वाहन चोरी जैसी घटनाओं को नियंत्रित की जा सके। इस दौरान बैंकों व एटीएम के आसपास संदिग्ध रूप से खड़े अथवा घूम रहे व्यक्तियों एवं वाहनों की भी जांच की गई। संदिग्ध पाए जाने पर उन्हें पुलिस द्वारा कड़ी चेतावनी भी दी गई।