एसआईआर लोकतंत्र की आधारशिला को मजबूत करने का महत्वपूर्ण कार्य है। कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उपरोक्त निर्देश कमिश्नर चित्रकूट धाम ने निरीक्षण के दौरान दिए।
मण्डलायुक्त अजीत कुमार ने अतर्रा तहसील के अंतर्गत संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। हिन्दू इंटर कॉलेज अतर्रा में कुल 06 बूथ संचालित हैं। जहां कुल 3804 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें से 342 मतदाता नो-मैप श्रेणी में तथा 1456 मतदाता ASD (Absent/Shifted/Dead) के रूप में चिन्हित पाए गए। निरीक्षण के समय सभी बीएलओ उपस्थित रहे। इसी तरह अतर्रा डिग्री कॉलेज में कुल 05 बूथ हैं। जिनमें 2898 मतदाता दर्ज हैं। यहां 637 मतदाता नो-मैप तथा 1731 मतदाता ASD श्रेणी में पाए गए। मतदान केन्द्र पर भी सभी बीएलओ उपस्थित पाए गए। प्राथमिक विद्यालय, अनथुवा में कुल 02 बूथ संचालित हैं। जिनमें 2116 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें से 132 मतदाता नो-मैप तथा 174 मतदाता ASD के रूप में चिन्हित हैं। इसके उपरान्त सदर तहसील बाँदा के अंतर्गत भी SIR कार्य का कमिश्नर अजीत कुमार के द्वारा निरीक्षण किया गया। प्राथमिक विद्यालय अलीगंज में कुल 03 बूथ हैं। निरीक्षण के समय एक बीएलओ जयप्रकाश तिवारी अनुपस्थित पाए गए। जिससे उनके कार्य का निरीक्षण नहीं हो सका। उपस्थित बीएलओ द्वारा अवगत कराया गया कि दो बूथों में कुल 1539 मतदाता, 69 नो-मैप तथा 678 ASD मतदाता चिन्हित हैं। खानकाह इंटर कॉलेज, बाँदा में कुल 05 बूथ हैं। निरीक्षण के समय चार बीएलओ उपस्थित पाए गए तथा एक बीएलओ अनुपस्थित रहे। उपलब्ध जानकारी के अनुसार चार बूथों में कुल 3858 मतदाता, 302 नो-मैप तथा 6358 ASD मतदाता चिन्हित किए गए हैं। निरीक्षण के दौरान मण्डलायुक्त अजीत कुमार के द्वारा उप जिलाधिकारी/ईआरओ नमन मेहता को निर्देशित किया गया कि नो-मैप एवं ASD मतदाताओं का पुनः गहन भौतिक सत्यापन कराया जाए। सभी प्रकरणों में विधिक प्रक्रिया, नोटिस–सुनवाई एवं समय-सीमा का पूर्णतः पालन सुनिश्चित किया जाए। कमिश्नर अजीत कुमार ने यह भी निर्देश दिए कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम त्रुटिवश न हटे तथा मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखी जाए। मण्डलायुक्त ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) लोकतंत्र की आधारशिला को मजबूत करने का महत्वपूर्ण कार्य है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शासन की मंशा है कि हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रहे तथा निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और भरोसेमंद बने। इसलिए सभी अधिकारी जिम्मेदारी के साथ एसआईआर के कार्य को पूरा कराये।