चोरी की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने हमीरपुर जनपद के चोर को पकड़ा है। जिसके कब्जे से 6.5 लाख कीमती सोना बरामद हुआ है। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने अभियुक्त को जेल भेज दिया है।
एएसपी शिवराज ने बताया कि थाना पैलानी क्षेत्र के ग्राम पिपरहरी के रहने वाले ज्वाला प्रसाद के घर में 28 अगस्त की रात अज्ञात चोरों द्वारा घर में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। शिकायत मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया गया। इसके साथ ही घटना के खुलासे के लगातार प्रयास किया जा रहे थे। इधर सीओ सदर राजवीर सिंह गौर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार के नेतृत्व में खुलासे को लेकर एक टीम भी गठित की गई थी। थाना पैलानी पुलिस द्वारा अभियुक्त की पहचान करते हुए मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त हेमंत पुत्र सुभाष चंद्र निवासी महेरा थाना बिंवार जनपद हमीरपुर को अलोना नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने अपने अन्य साथियों के साथ चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। जिसके आधार पर अन्य साथी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे है। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से चोरी किये गये आभूषणों को गलाकर तैयार की गई करीब 6.5 लाख रुपये की ठोस पीली धातु को बरामद किया गया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में पैलानी प्रभारी निरीक्षक पैलानी श्री राजेश कुमार,उप निरीक्षक,हरिशरण सिंह,लल्लन प्रसाद,आरक्षी अनिल कुमार शामिल रहे।