पुलिस लाइन में चल रहे साइबर अपराधों की रोकथाम,आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस(AI)व बेसिक नेटवर्किंग से संबंधित 05 दिवसीय साइबर प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन किया गया। सहायक पुलिस अधीक्षक ने प्रशिक्षण में प्रतिभाग करने वाले कम्प्यूटर ऑपरेटर्स को प्रमाण पत्र वितरित किए।
रविवार को जिला प्रशिक्षण सेन्टर पुलिस लाइन में चल रहे साइबर अपराधों की रोकथाम,आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस(AI) व बेसिक नेटवर्किंग हेतु 05 दिवस साइबर प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन किया गया। इस अवसर पर सहायक पुलिस अधीक्षक मेविस टॉक द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कम्प्यूटर ऑपरेटर्स को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस दौरान सहायक एसपी मेविस टॉक ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में पुलिस कर्मियों का तकनीकी रूप से दक्ष होना अत्यंत आवश्यक है। साथ ही उन्होंने प्राप्त ज्ञान का व्यावहारिक उपयोग करते हुए साइबर अपराधों की पहचान, रोकथाम एवं डिजिटल साक्ष्यों के संरक्षण में प्रभावी भूमिका निभाने का आह्वान किया। कहा कि साइबर सिक्योरिटी,नेटवर्किंग एवं आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस(AI) जैसी आधुनिक तकनीकों का सही उपयोग कर पुलिस साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर सकती है। प्रशिक्षण कार्यक्रम पुलिस की कार्यक्षमता को और अधिक सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध होगा।