स्वास्थ्य रैकिंग में और बेहतर सुधार लाने के प्रयास करें। समीक्षा बैठक में कमिश्नर ने डॉक्टरों को मरीजो के साथ सही ढंग से बर्ताव व उपचार करने की नसीहत दी है।
आयुक्त चित्रकूट धाम अजीत कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की मण्डलीय एवं जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में विभागीय कार्यप्रणाली एवं रैंकिंग में आए सुधार पर आयुक्त ने संतोष व्यक्त करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। बैठक में जनपद बाँदा एवं चित्रकूट में इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब (IPHL) को शीघ्र क्रियाशील करने तथा महोबा और हमीरपुर में सभी जाँचें IPHL में ही मानक अनुसार सम्पन्न कराने के निर्देश दिए गए।साथ ही हमीरपुर जिला चिकित्सालय में लंबित ब्लड कम्पोनेंट सेपरेशन यूनिट को लाइसेंस प्राप्त कर जल्द प्रारम्भ करने के लिए सीएमएस को निर्देशित किया गया।मण्डल एवं जनपद तथा ब्लॉक स्तर के सभी पर्यवेक्षकीय अधिकारियों को नियमित मासिक निरीक्षण कर चेकलिस्ट अद्यतन रखने और चिन्हित गैप पर तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित कराने के आयुक्त ने निर्देश दिए। परिवार नियोजन कार्यक्रम के अंतर्गत एनएसवी पखवाड़ा को प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण एवं व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ संचालित करने पर आयुक्त ने जोर दिया गया।आयुक्त ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर इशेंशियल ड्रग लिस्ट इडीएल की उपलब्धता और उसकी अद्यतन सूची का ओपीडी परिसर में स्पष्ट प्रदर्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने यह भी कहा कि जिन संकेतकों पर प्रगति अपेक्षित नहीं है। उनमें अगले माह तक हरहाल में सुधार लाये। 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनवाने को प्राथमिकता दी जाए। वीएचएनडी सत्रों के नियमित आयोजन आशा कार्यकत्रियों द्वारा गुणवत्तापूर्ण मोबिलाइजेशन और डॉक्टरों एवं सीएचओ द्वारा ई-संजीवनी के अधिकतम उपयोग पर विशेष बल दिया गया। आयुक्त ने संविदा एवं आउटसोर्स कर्मचारियों को समय पर वेतन भुगतान तथा जिला चिकित्सालयों में आभा आधारित डिजिटल पंजीकरण को बढ़ावा देकर ओपीडी कतारों में कमी लाने के निर्देश दिए। आयुक्त ने अस्पतालों में डॉक्टरों की समय पर उपस्थिति,मरीजों के प्रति शालीन व्यवहार और बेहतर सेवा भावना पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि स्वास्थ्य सेवाएँ आमजन तक सरल,सहज और प्रभावी रूप में पहुँचे। इसलिए अपने दायित्वों का सही ढंग से निर्वाहन करे।बैठक में कोविड–19 स्टाफ समायोजन, राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम एमबीबीएस,आयुष चिकित्सकों के वॉक-इन साक्षात्कार, एनएचएम की वित्तीय प्रगति,आशा/आशा संगिनी चयन,आयुष्मान आरोग्य मंदिर,एनसीडी स्क्रीनिंग,मातृ स्वास्थ्य संकेतक,टीकाकरण, क्वालिटी कार्यक्रम, शहरी स्वास्थ्य मिशन एनबीएसयू तथा 14 दिसंबर 2025 से प्रस्तावित पल्स पोलियो अभियान सहित विभिन्न प्रमुख बिंदुओं की आयुक्त द्वारा समीक्षा की गई। आयुक्त ने निर्देश देते हुए कहा कि सभी योजनाओं एवं कार्यक्रमों को समयबद्ध,गुणवत्तापूर्ण और पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ लागू किया जाए। जिससे मण्डल में स्वास्थ्य सेवाओं का स्तर और अधिक मजबूत एवं प्रभावी हो सके।