पिता ने अपने डेढ़ साल के बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी नाव में शव को ले जाकर नदी की बीच धारा में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। वहीं शव की खोजबीन जारी है। फतेहपुर के ललौली थाना क्षेत्र के धनुहन डेरा निवासी राजेंद्र, का पत्नी शारदा से काफी समय से आपस मे विवाद चल रहा था। विवाद के बाद पत्नी अपने मायका
पैलानी थाना क्षेत्र के पचकौरी गांव में रह रही थी। विगत 7 जनवरी को राजेन्द्र पत्नी से मिलने ससुराल आया था। देर रात जब पत्नी सो गई। तब राजेंद्र चुपके से अपने डेढ़ वर्षीय बेटे कार्तिक को उठाकर घर से बाहर ले गया। घर से बाहर ले जाने के बाद यमुना नदी के किनारे पहुंचकर उसने बेरहमी से बेटे का गला घोंट दिया। इसके बाद शव को नाव में रखकर यमुना नदी की बीच धारा में फेंककर फरार हो गया। सुबह जब शारदा की नींद खुली तो उसने अपने पति और बेटे को घर पर नहीं पाया। तब परिवार वालों के साथ खोजबीन शुरू की गई। मासूम के नाना रामसफल, मामा दिलीप और अन्य ग्रामीणों ने तीन दिनों तक यमुना नदी के किनारे और आसपास के इलाकों में बच्चे की तलाश करते रहे। ससुरालीजन राजेंद्र के घर भी पहुंचे लेकिन वह वहां भी नहीं मिला। शुक्रवार को जब राजेंद्र के अपने गांव पहुंचने की सूचना मिली, तो ससुरालीजन उससे मिलने पहुंचे और पूछताछ शुरू की। बढ़ते दबाव के चलते राजेंद्र ने बेटे की हत्या की कबूली। राजेंद्र के साले दिलीप ने पैलानी पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया और अपने साथ थाने लिवा गई। परिजनों के मुताबिक राजेन्द्र अक्सर कहता रहता था कि वह पूरे परिवार को खत्म कर देगा। इसी डर से शारदा पिछले डेढ़ वर्ष से मायके में रह रही थी। थाना प्रभारी राजेश वर्मा ने बताया कि आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस शव को बरामद करने प्रयास किये जा रहे है।