पति की प्रताड़ना से परेशान होकर मायके में रह रही युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मायके वालों ने प्रताड़ना का आरोप लगाने के साथ पिटाई करने का भी आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश के आलमगंज निवासी 20 वर्षीय पुष्पा देवी पत्नी बिजय अपने मायके फतेहगंज थाना क्षेत्र के संग्रामपुर गांव मे पिता के साथ पिछले एक साल से रह रही थी। शुक्रवार की सुबह वह घर पर अकेली थी। मां तुलसा देवी काम पर गई हुई थी। बड़ा भाई बुद्वविलास टेंट का सामान लगाने चला गया। तभी सूना मौका पाकर पुष्पा ने कमरे के अंदर छप्पर की धन्नी में दुपटटा से फांसी लगा लिया। जब मां घर पहुंची तो उसने शव को फांसी पर लटका देखा। तब उसे घटना की जानकारी हो सकी। घर वालों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के बड़े भाई बुद्वविलास ने बताया कि पुष्पा की शादी दो साल पहले हुई थी। पति नशे का आदी है। आये दिन उसे प्रताड़ित करता था। शराब पीकर मारता पीटता भी था। कई कई दिनो तक खाना नही देता था,उसे भूखा रखता था। उन्होंने कई बार विजय को समझाने का प्रयास किया। लेकिन वह नही मानता था। इसी के चलते पुष्पा को पिछले लगभग एक साल पहले ससुराल से मायके लिवा लाये थे। पुष्पा ससुरालीजनों की प्रताड़ना से बेहद परेशान रहती थी। मायका आने के बाद से आज तक पति झाकने नही आया। इसी से परेशान होकर उसने खुदकुशी कर ली है।