पत्नी से मिलने के बाद ट्रेन से घर जा रहा युवक ट्रेन से गिर गया। जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामे के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हमीरपुर जिले के विवार थाना क्षेत्र के भुगैचा गांव निवासी 34 वर्षीय शिवप्रसाद उर्फ बबली पुत्र बाबूराम 4 नवंबर को अपनी ससुराल बांदा शहर के कनवारा गांव आया था। शनिवार की शाम वह ट्रेन में बैठ कर घर जा रहा था। तभी भूरा गढ के पास वह अचानक ट्रेन से नीचे गिर पड़ा। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। वहां से गुजरे चरवाहो ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे भूरागढ चौकी इंचार्ज ने शव को कब्जे में ले लिया। तलाशी के दौरान उसकी जेब से निकले आधार कार्ड और ड्राइबिंग लाइसेंस से घर वालो को सूचना दी। मौत की खबर मिलते ही घरवालो में चीख पुकार मच गई। मृतक के छोटे भाई राजू ने बताया कि शिवप्रसाद ट्रक चलाता था। वह एक माह से ट्रक चलाने नही गया था। उसकी पत्नी आरती से अनबन चल रही थी। उसकी पत्नी दस दिन पहले अपने मायके आ गई थी। पत्नी से मिलने के बाद वह घर जा रहा था। तभी रास्ते मे उसकी ट्रेन से गिर कर मौत हो गई।