13 साल पहले पेशी से वापस लौटते समय पुलिस कर्मियों की आंखों में मिर्च झोंककर पुलिस राइफल लौटकर पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए मोस्ट वांटेड एक लाख के इनामी बदमाश को बांदा पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पकड़ लिया है। बदमाश के पैर में गोली लगी है।
वर्ष 2012 में मंडल कारागार से सरकारी वाहन में कैदियों को पेशी के लिए चित्रकूट जनपद पुलिसकर्मी ले जा रहे थे। तभी नरैनी रोड के नजदीक पुलिस अभिरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों की आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर राइफल लूटकर 13 कैदी फरार हो गए थे। 12 कैदियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं एक अन्य कैदी संदीप पुत्र शिव औतार निवासी खोह कोतवाली कर्वी जनपद चित्रकूट फरार चल रहा था। जिस पर एडीजी जोन प्रयागराज संजीव गुप्ता ने बदमाश संदीप पर एक लाख का इनाम भी घोषित किया था। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल को सूचना मिली कि मोस्ट वांटेड संदीप मटौन्ध थाना क्षेत्र के भूरागढ़ के नजदीक सोना खदान के पास मौजूद है। एसपी पलाश बंसल ने अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज व सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर मेविस टॉक के पर्यवेक्षण में मटौन्ध तथा एसओजी टीम को भेजकर घेरा बंदी कराई। पुलिस को देखते ही बदमाश फायरिंग करनी शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्यवाही में बदमाश संदीप के पैर में गोली लगी। गोली लगते ही वह घायल हो गया। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति तमंचा लिए सोना खदान के पास बैठकर शराब पी रहा है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर घेराबन्दी कर पकड़ने का प्रयास किया गया तो उसके द्वारा पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायर कर दिया, आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में अभियुक्त के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। अभियुक्त को गिरफ्तार कर इलाज हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहाँ उसकी स्थिति खतरे से बाहर है । पूछताछ में अभियुक्त ने अपना नाम संदीप पुत्र शिव अवतार उम्र 49 वर्ष निवासी ग्राम खोह थाना कोतवाली कर्वी बताया। जो दिनांक 08.08.2012 को न्यायालय कर्वी से पेशी के उपरान्त जिला कारागार बांदा ले जाते समय पुलिस अभिरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों की आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर राइफल लूटकर फरार हो गया था। जिसके सम्बन्ध में थाना अतर्रा पर पंजीकृत अभियोग मु0अ0सं0 180/12 धारा 222/223/224/225/392 भादवि का अभियोग पंजीकृत किया गया था तथा अभियुक्त पिछले 13 साल से अधिक वर्षों से फरार चल रहा था। जिसकी गिरफ्तारी हेतु अपर पुलिस महानिदेशक संजीव गुप्ता के द्वारा एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया था। बदमाश संदीप की यूपी पुलिस के अलावा यूपी एसटीएफ भी तलाश कर रही थी। बदमाश के कब्जे से 01 अवैध तमंचा 315 बोर,02 जिन्दा कारतूस 315 बोर,02 खोखा कारतूस 315 बोर,1140 रु/ नगद बरामद हुए हैं।गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष मटौंध संदीप कुमार सिंह,एसओजी प्रभारी आनन्द सिंह,चौकी प्रभारी भूरागढ़ दारा सिंह,मुख्य आरक्षी अश्वनी प्रताप सिंह,आशीष कुमार शर्मा,आरक्षी अमित त्रिपाठी,प्रतीक सिंह,खेमराज चक,आशु सिंह शामिल रहे।