वाराणसी-जमीन के विवाद में मां-बेटी की गला रेतकर हत्या, बेड पर मिला बच्ची का शव

SHARE:

जमीन अपने नाम कराने के दबाव और पुरानी रंजिश के चलते मां-बेटी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह बंद मकान का ताला तोड़कर परिजन अंदर पहुंचे तो महिला का शव फर्श पर और उसकी 10 वर्षीय बेटी का शव बेड पर पड़ा मिला। दोनों की हत्या की जानकारी होते ही गांव में सनसनी फैल गई।
मामला गाजीपुर जिले के नंदगंज थाना क्षेत्र के धरवा गांव का है। मृतका जैबुन निशा (35) अपनी बेटी ऐमन निशा (10) के साथ करीब आठ साल से मकान बनवाकर रह रही थी। उसका पति करीब सात साल पहले उसे और बेटी को छोड़कर चला गया था। इसके बाद पिता ने जमीन खरीदकर दोनों के रहने के लिए मकान बनवाया था। मृतका के भाई मोहम्मद अमीरुल्लाह के मुताबिक, मंगलवार को उसने बहन के मोबाइल पर कई बार फोन किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। अनहोनी की आशंका पर दूसरी बहन शबाना को घर भेजा गया। मकान के मुख्य दरवाजे पर ताला लगा था। मोहल्ले के लोगों की मदद से ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया तो मां-बेटी के शव मिले। दोनों की गर्दन पर धारदार हथियार से वार के निशान थे।
जमीन के कागजात नाम कराने का बना रहा था दबाव
मृतका के भाई ने धरवा गांव निवासी पड़ोसी परवेज उर्फ सोनू पर हत्या का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि आरोपी उसकी बहन पर मकान और जमीन के कागजात अपने नाम कराने का दबाव बना रहा था। विरोध करने पर उसे और उसकी बेटी को जान से मारने की धमकी भी दी थी।
परिजनों के अनुसार, कुछ दिन पहले आरोपी बिजली का केबल काटकर ले गया था। इसकी शिकायत जैबुन ने उसके परिवार से की थी। बाद में केबल वापस करा दिया गया, लेकिन शिकायत से आरोपी नाराज था। भाई का आरोप है कि इसी रंजिश में मां-बेटी की हत्या की गई। हालांकि हत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
नामजद आरोपी की तलाश में तीन पुलिस टीमें
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपी परवेज उर्फ सोनू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित कर अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
सात साल पहले छोड़कर चला गया था पति
जैबुन निशा की शादी करीब 13 वर्ष पहले मेरठ निवासी गुलफाम से हुई थी। परिजनों के मुताबिक, करीब सात वर्ष पहले पति उसे और बेटी को छोड़कर चला गया और दूसरी शादी कर ली। इसके बाद जैबुन अपनी बेटी के साथ धरवा गांव में पिता द्वारा बनवाए गए मकान में रहने लगी थी।
गांव में दोहरे हत्याकांड से दहशत
एक ही घर में मां और मासूम बेटी की हत्या से गांव के लोग स्तब्ध हैं। पुलिस हत्या के पीछे जमीन विवाद, पुरानी रंजिश और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई