घर में रखी लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चलने से हाईस्कूल की 15 वर्षीय छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। गोली उसकी कनपटी में लगी। गोली की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो किशोरी खून से लथपथ पड़ी थी। आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए रेफर कर दिया।
घटना कानपुर के घाटमपुर थाना क्षेत्र के जैतीपुर गांव की है। गांव निवासी उपेंद्र सीआरपीएफ में झारखंड में तैनात हैं। वह छुट्टी पर घर आए हुए थे। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी लाइसेंसी पिस्टल साफ करके रखी थी। इसी दौरान उनकी 15 वर्षीय बेटी अदिति सिंह उर्फ स्वीटी स्कूल से घर लौटी। पिता दूसरे काम में व्यस्त हो गए। तभी छात्रा ने पिस्टल उठाकर देखने लगी और इसी दौरान गोली चल गई, जो उसकी कनपटी में जा लगी। गोली की आवाज सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। पिता उपेंद्र पत्नी पारुल और अन्य परिजनों के साथ घायल बेटी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे हैलट रेफर कर दिया। बाद में परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए। पुलिस कर रही घटना की जांच
थाना प्रभारी मनोज सिंह भदौरिया के मुताबिक, घायल छात्रा को उसके पिता अस्पताल लेकर गए हैं। गोली कैसे चली, इसकी स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। लाइसेंसी हथियार की सुरक्षा पर उठे सवाल
घर में रखे लाइसेंसी हथियार से किशोरी के घायल होने की घटना ने हथियारों को सुरक्षित रखने को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की जांच के बाद ही गोली चलने की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेगी।