आम आदमी पार्टी की खुशहाल पंजाब महारैली की तैयारियों के बीच कॉफी मशीन में अचानक जोरदार धमाका हो गया। हादसे में एक व्यक्ति घायल हो गया। धमाके के बाद कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मोगा में आयोजित होने वाली आम आदमी पार्टी की महारैली से पहले यह घटना हुई। कॉफी मशीन मीडिया ब्लॉक और वीवीआईपी मेहमानों के बैठने की जगह पर लगाई गई थी। अचानक मशीन में धमाका होने से वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। हादसे में एक व्यक्ति घायल हुआ, जिसे उपचार के लिए भेजा गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। शुरुआती जानकारी के अनुसार कॉफी मशीन में दबाव बनने के कारण धमाका होने की आशंका जताई जा रही है। 2027 चुनाव का आगाज करेगी आप
आम आदमी पार्टी की ओर से 26 नवंबर को मोगा के गांव मटवानी में खुशहाल पंजाब महारैली आयोजित की जा रही है। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान शामिल होंगे। रैली को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव अभियान की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है। स्मार्ट राशन कार्ड योजना की भी शुरुआत
रैली में भगवंत मान सरकार के पांच साल के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड पेश किया जाएगा। इसके साथ ही स्मार्ट राशन कार्ड वितरण की शुरुआत भी की जानी है। पार्टी ने रैली में एक लाख से अधिक लोगों के पहुंचने की संभावना जताई है।