बच्चों की खेल प्रतिभाओं को मंच देने और उनकी प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विकासखंडों की टीमों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। बच्चों ने दौड़, खो-खो, कबड्डी, योग और पीटी प्रदर्शन में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
शुक्रवार को डीएवी इंटर कॉलेज के क्रीड़ा प्रांगण में बेसिक शिक्षा विभाग की जनपदीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष मालती बासू ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों के स्वागत में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। प्रतियोगिता में विकासखंड स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों ने हिस्सा लिया। नगर पालिका अध्यक्ष मालती बासू ने कहा कि खेलकूद बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसी प्रतियोगिताओं से बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। उन्होंने प्रतिभागी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पांडेय ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद भी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है। खेलों से बच्चों में अनुशासन, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने बच्चों को खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने के लिए प्रोत्साहित किया। प्रतियोगिता के दौरान 100 मीटर दौड़, खो-खो, कबड्डी, पीटी प्रदर्शन और योग जैसी स्पर्धाएं आयोजित की गईं। बड़ोखर खुर्द के कनवारा कन्या विद्यालय की योगा टीम ने आकर्षक प्रस्तुति देकर अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया। वहीं विकासखंड बबेरू की पीटी टीम ने भी शानदार प्रदर्शन किया।
विभिन्न विकासखंडों से आई टीमों के बीच हुई प्रतिस्पर्धाओं में ब्लॉक व्यायाम शिक्षकों और निर्णायकों ने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं का चयन किया। योग और पीटी प्रदर्शन रहे आकर्षण का केंद्र
कनवारा कन्या विद्यालय की छात्राओं ने योग की मनमोहक प्रस्तुति दी। बबेरू विकासखंड की पीटी टीम के प्रदर्शन को भी अतिथियों ने सराहा। प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साहपूर्वक अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अधिकारियों और अतिथियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मालती बासू, मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पांडेय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, जिला व्यायाम शिक्षक, जिला स्काउट मास्टर, ब्लॉक व्यायाम शिक्षक और विभिन्न विकासखंडों से आए अतिथि मौजूद रहे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने नगर पालिका अध्यक्ष मालती बासू और मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पांडेय को स्मृति चिह्न भेंटकर आभार व्यक्त किया।