हत्या के एक मामले में न्यायालय ने चार दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही सभी पर कुल 52 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। वर्ष 2023 में हुई इस वारदात में बांका से हमला कर एक व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी।
मामला गिरवां थाना क्षेत्र के बण्डे गांव का है। 18 जून 2023 को रामकिशोर, कंजीलाल, बिहारी और अमर ने एक व्यक्ति पर बांका से हमला कर दिया था। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। बाद में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी की तहरीर पर गिरवां थाने में मुकदमा अपराध संख्या 134/23 के तहत हत्या के प्रयास, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक संदीप तिवारी ने की। विवेचना के दौरान धाराओं में हत्या और अन्य संबंधित धाराएं बढ़ाई गईं। प्रभावी विवेचना पूरी करने के बाद 18 सितंबर 2023 को आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया गया। ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत मामले में प्रभावी अभियोजन और पैरवी की गई, जिसके परिणामस्वरूप न्यायालय ने चारों आरोपियों को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास और कुल 52 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। इन चार दोषियों को हुई सजा
न्यायालय से आजीवन कारावास की सजा पाने वालों में रामकिशोर पुत्र रामदेव, कंजीलाल पुत्र रामकिशोर, बिहारी पुत्र रामकिशोर और अमर पुत्र रामकिशोर निवासी ग्राम बण्डे, थाना गिरवां शामिल हैं। अभियोजन और पुलिस टीम की प्रभावी पैरवी
मामले में लोक अभियोजक देवदत्त मिश्रा ने न्यायालय में प्रभावी पैरवी की। वहीं कोर्ट मोहर्रिर आरक्षी रजनीकान्त और पैरोकार आरक्षी प्रदीप सतोईया ने भी पैरवी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत त्वरित एवं निष्पक्ष विवेचना, प्रभावी अभियोजन और पैरवी के जरिए दोषियों को सजा दिलाई गई।