प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों और किसानों को राहत देने के लिए सहायता राशि के मानकों में बदलाव किया गया है। अब प्राकृतिक आपदा में किसी व्यक्ति की मौत होने पर उसके परिजनों को चार लाख के बजाय आठ लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी। इसके साथ ही फसल, पशुधन, मकान और अन्य नुकसान पर मिलने वाली राहत राशि में भी वृद्धि की गई है।
केंद्र सरकार ने राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ) और राष्ट्रीय आपदा मोचन निधि (एनडीआरएफ) के तहत सहायता के नए मानक निर्धारित किए हैं। उत्तर प्रदेश सरकार ने इन संशोधित दरों को लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। नए मानक वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक प्रभावी रहेंगे।
राहत आयुक्त कार्यालय के अनुसार, एक अप्रैल से चार नवंबर 2026 तक प्रदेश में 10,02,684 किसानों की करीब 52 लाख 14 हजार हेक्टेयर फसल को नुकसान हुआ है। इस अवधि में विभिन्न आपदाओं के कारण 3,537 पशुओं की भी मौत हुई है। बढ़ी हुई दरों का लाभ इस अवधि में हुए नुकसान पर भी दिया जाएगा। फसल नुकसान पर अब इतनी मिलेगी सहायता
सिंचित क्षेत्र में फसल नुकसान पर मिलने वाली सहायता 17 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर से बढ़ाकर 22 हजार रुपये कर दी गई है। वर्षा आधारित असिंचित क्षेत्र में यह राशि 8,500 रुपये से बढ़ाकर 11 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर की गई है। बारहमासी फसलों और कृषि वानिकी में नुकसान पर 22,500 रुपये के स्थान पर 30 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर मिलेंगे। कृषि भूमि से गाद हटाने पर सहायता 18 हजार से बढ़ाकर 23 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर तथा भूस्खलन और हिमस्खलन से भूमि क्षति पर 47 हजार से बढ़ाकर 60 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर कर दी गई है। पशुधन और मकान क्षति पर भी बढ़ी राहत
प्राकृतिक आपदा में गाय, भैंस जैसे बड़े पशुओं की मौत पर अब 40 हजार के बजाय 50 हजार रुपये मिलेंगे। बकरी, भेड़ और सूअर जैसे छोटे पशुओं के लिए सहायता चार हजार से बढ़ाकर 5,500 रुपये की गई है। घोड़े और खच्चर की मौत पर 20 हजार के स्थान पर 25,400 रुपये तथा मुर्गी की मौत पर प्रति पक्षी 100 के बजाय 130 रुपये दिए जाएंगे।
मैदानी क्षेत्रों में पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकान के लिए 1.85 लाख रुपये और पहाड़ी क्षेत्रों में 2.06 लाख रुपये की सहायता निर्धारित की गई है। मैदानी क्षेत्र में आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त मकान के लिए 93 हजार रुपये मिलेंगे। प्राथमिक विद्यालयों की मरम्मत के लिए 15.50 लाख रुपये तक और माध्यमिक विद्यालयों, इंटर कॉलेजों तथा पॉलिटेक्निक संस्थानों के लिए 26 लाख रुपये तक की सहायता का प्रावधान किया गया है।
आपदा प्रभावित परिवारों को राहत शिविरों में भोजन, कपड़े और अस्थायी आवास जैसी सुविधाओं के लिए सहायता की दर भी बढ़ाई गई है। पहले यह 25 प्रतिशत थी, जिसे बढ़ाकर 30 प्रतिशत किया गया है। सामान्य परिस्थितियों में राहत शिविरों में 30 दिनों तक सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी। सूखे की स्थिति में पेयजल सहायता भी अधिकतम 90 दिनों तक दिए जाने का प्रावधान है।