उत्तर प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को प्रशासनिक फेरबदल करते हुए दो आईएएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। शासन स्तर पर हुए इस बदलाव में दोनों अधिकारियों को एक-दूसरे के विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई तैनाती के तहत भवानी सिंह खंगारौत गन्ना विभाग की कमान संभालेंगे, जबकि मिनिष्ती एस को वित्त विभाग में सचिव बनाया गया है।
शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार 2010 बैच के आईएएस अधिकारी भवानी सिंह खंगारौत को आयुक्त गन्ना एवं प्रबंध निदेशक उत्तर प्रदेश राज्य चीनी निगम के पद पर तैनात किया गया है। इससे पहले वह सचिव वित्त के पद पर कार्यरत थे।
वहीं, 2003 बैच की आईएएस अधिकारी मिनिष्ती एस को सचिव वित्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले वह आयुक्त गन्ना एवं प्रबंध निदेशक उत्तर प्रदेश राज्य चीनी निगम के पद पर तैनात थीं। इस बदलाव के बाद दोनों अधिकारियों के विभागों की जिम्मेदारियों में अदला-बदली हो गई है। वित्त विभाग में सचिव थे भवानी सिंह खंगारौत
भवानी सिंह खंगारौत उत्तर प्रदेश कैडर के 2010 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उन्होंने वर्ष 2009 में संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण की थी। इससे पहले मार्च 2025 में उन्हें मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक पद से हटाकर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा विभाग में निदेशक (प्रशासन) बनाया गया था। इसके बाद उन्हें सचिव वित्त की जिम्मेदारी दी गई थी। गन्ना विभाग की जिम्मेदारी संभाल रही थीं मिनिष्ती एस
आईएएस अधिकारी मिनिष्ती एस गन्ना आयुक्त के साथ उत्तर प्रदेश राज्य चीनी निगम की प्रबंध निदेशक की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। अब उन्हें वित्त विभाग में सचिव बनाया गया है। शासन के इस नए प्रशासनिक फेरबदल के तहत दोनों अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौपी गई है।