लखनऊ-दीपावली पर जुआ खेलने वालों को खपाने थे नकली नोट, 1.74 लाख की जाली करेंसी के साथ तीन गिरफ्तार

SHARE:

दीपावली के त्योहार पर नकली नोट खपाने की साजिश का पुलिस और एसटीएफ ने पर्दाफाश किया है। गिरोह के तीन सदस्य त्योहार के दौरान जुआ खेलने वालों के बीच जाली करेंसी चलाने की तैयारी कर रहे थे। संयुक्त कार्रवाई में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1.74 लाख रुपये के नकली नोट और उन्हें तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया गया।
मामला श्रावस्ती जिले का है। एसटीएफ को पिछले कुछ दिनों से नकली नोट छापने वाले गिरोह के सक्रिय होने की सूचना मिल रही थी। पांच नवंबर की रात टीम को जानकारी मिली कि गिरोह के कुछ सदस्य सोनवा थाना क्षेत्र के भिटिया चिचड़ी स्थित गिरिराज राइस मिल में मौजूद हैं। सूचना पर एसटीएफ ने पुलिस के साथ छापा मारकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बहराइच निवासी गिरिजा शंकर जायसवाल तथा श्रावस्ती निवासी नरेंद्र कुमार चौरसिया और बृजेंद्र गोस्वामी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान 500 रुपये के 223, 200 रुपये के 44 और 100 रुपये के 537 नकली नोट बरामद हुए। इनकी कुल कीमत 1 लाख 74 हजार रुपये बताई गई है।
प्रिंटर और नोट बनाने का सामान बरामद
एसटीएफ ने आरोपियों के कब्जे से एक कैनन कलर प्रिंटर, स्याही की चार भरी और दो खाली रिफिल, कागज के तीन बंडल तथा नोट बनाने में इस्तेमाल होने वाली तीन डाई बरामद की हैं। इसके अलावा तीन आधार कार्ड, तीन पैन कार्ड, तीन ड्राइविंग लाइसेंस, 5,500 रुपये नकद और चार मोबाइल फोन भी मिले हैं।
मुंबई में सीखा था नकली नोट छापना
पूछताछ में बृजेंद्र गोस्वामी ने बताया कि वह पहले मुंबई में रहता था। वहीं उसने नकली नोट छापने का तरीका सीखा था। श्रावस्ती लौटने के बाद उसने गिरिजा शंकर जायसवाल और नरेंद्र कुमार चौरसिया के साथ मिलकर नकली नोट छापने की योजना बनाई। आरोपियों को उम्मीद थी कि दीपावली पर जुआ खेलने वालों के बीच नकदी की मांग बढ़ेगी। इसी का फायदा उठाकर वे नकली नोट बाजार में खपाना चाहते थे। तीनों आरोपियों के खिलाफ सोनवा थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आगे की जांच कर रही है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई