बाँदा-16 नवंबर से शुरू होगी जनगणना की स्व-गणना, 1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेगी टीम

SHARE:

जनगणना की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। स्व-गणना से लेकर घर-घर सर्वेक्षण तक की प्रक्रिया निर्धारित समय-सारणी के अनुसार पूरी कराई जाएगी। इसके लिए प्रशिक्षण, प्रचार-प्रसार, निगरानी और डाटा सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया है।
जिलाधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय जनगणना समिति की बैठक हुई। बैठक में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियों की समीक्षा की गई और अधिकारियों को समयबद्ध कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि स्व-गणना 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक http://se.census.gov पोर्टल के माध्यम से की जा सकेगी। इसके बाद प्रगणक 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करेंगे। फील्ड कार्य का पुनरीक्षण 5 जनवरी से 9 जनवरी 2027 तक होगा। प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अनुपस्थित कर्मियों का प्रशिक्षण 14 नवंबर से पहले पूरा कराया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान नियुक्ति पत्र, ड्यूटी आदेश, एचएल, नजरी नक्शा और प्रशिक्षण पुस्तिका वितरित की जाएगी। प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की सीएमएमएस पोर्टल पर मैपिंग भी की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान किसी व्यक्ति से दस्तावेजों की छायाप्रति नहीं ली जाएगी। प्रत्येक परिवार और व्यक्ति को गणना में शामिल करना सुनिश्चित किया जाएगा। गणना ब्लॉकों की सीमाओं की पहचान राजस्व लेखपालों के माध्यम से कराई जाएगी और फील्ड कार्य में सुविधा के लिए ऑफलाइन डाटा संकलन हेतु प्रश्नावली रजिस्टर उपलब्ध कराया जाएगा।
स्व-गणना और जनजागरूकता अभियान
16 नवंबर से 30 नवंबर तक 15 दिनों में जनपद के अधिकांश निवासियों की स्व-गणना पूर्ण कराने का लक्ष्य रखा गया है। प्रत्येक विभाग में नोडल अधिकारी नामित किया जाएगा। स्व-गणना के बाद संबंधित व्यक्ति की एसई-आईडी नोट कराई जाएगी। सभी सरकारी सेवकों और कार्मिकों की शत-प्रतिशत स्व-गणना कराकर संबंधित चार्ज अधिकारी को सूचना देनी होगी।
ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायकों के माध्यम से जनगणना हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी। सार्वजनिक स्थानों, तहसीलों, ब्लॉक कार्यालयों, सरकारी अस्पतालों और मेलों में बैनर व होर्डिंग लगाए जाएंगे। शिक्षण संस्थानों में कार्यशालाएं आयोजित कर स्व-गणना की प्रक्रिया समझाई जाएगी। सूचना विभाग स्थानीय समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और डिजिटल सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार अभियान चलाएगा। जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों और नगरीय निकायों के प्रतिनिधियों के माध्यम से भी जनजागरूकता संदेश प्रसारित किए जाएंगे।
निगरानी और शिकायतों का निस्तारण
प्रत्येक गणना ब्लॉक की प्रगति की निरंतर समीक्षा की जाएगी। सीएमएमएस पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन प्रगति रिपोर्ट जिला सूचना विज्ञान अधिकारी उपलब्ध कराएंगे। कार्य में देरी या लापरवाही करने वाले कार्मिकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। जनगणना कार्य के प्रभावी संचालन के लिए जिला और चार्ज स्तर पर कंट्रोल रूम तथा जनगणना सेल स्थापित किए जाएंगे।
गोपनीयता और सहायता व्यवस्था
जनगणना के दौरान प्राप्त डाटा की गोपनीयता और सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। भ्रामक सूचनाओं का खंडन कर प्रमाणित जानकारी जनसामान्य तक पहुंचाई जाएगी। शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए नेशनल टोल-फ्री हेल्पलाइन 1855, चैटबॉट नंबर 18001801855, जनपदीय कंट्रोल रूम 05192-285260 और टोल-फ्री नंबर 1077 उपलब्ध रहेंगे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई