बाँदा-दीपावली पर सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, निर्बाध रहेंगी आवश्यक सेवाएं-अजीत

SHARE:

दीपावली पर्व पर आमजन की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। त्योहार के दौरान आवश्यक सेवाओं की निर्बाध उपलब्धता, पटाखा बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं।
आयुक्त चित्रकूटधाम मण्डल, बाँदा अजीत कुमार ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मण्डल के उप जिलाधिकारियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि दीपावली पर सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आमजन की सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। आयुक्त अजीत कुमार ने कहा कि दीपावली पर्व के दौरान विद्युत, पेयजल, स्वास्थ्य, साफ-सफाई, खाद्य एवं रसद, परिवहन और अग्निशमन जैसी आवश्यक सेवाएं निर्बाध रूप से संचालित रहनी चाहिए। इसके लिए सभी विभाग अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखें और संभावित समस्याओं का समय रहते निराकरण करें। उन्होंने विद्युत विभाग को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ विद्युत लाइनों, ट्रांसफार्मरों और उपकरणों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। जर्जर तारों और झुके हुए विद्युत पोलों को तत्काल ठीक कराने को कहा। पेयजल विभाग एवं स्थानीय निकायों को स्वच्छ पेयजल, नियमित जलापूर्ति और सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में चिकित्सकों, दवाओं, एम्बुलेंस और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता बनाए रखने तथा अग्निशमन विभाग को आवश्यक संसाधनों के साथ अलर्ट रहने को कहा गया।
पटाखा दुकानों के लिए सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य
आयुक्त ने पटाखों की बिक्री और अस्थायी दुकानों के संचालन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पटाखों की दुकानों का आवंटन निर्धारित नियमों के अनुसार किया जाए और आबादी तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से दूर सुरक्षित स्थानों पर ही बिक्री की व्यवस्था हो। बिना वैध लाइसेंस पटाखों की बिक्री किसी भी दशा में न होने पाए।
दुकानों के बीच पर्याप्त दूरी, अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता, आपातकालीन निकास और विद्युत सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रतिबंधित पटाखों तथा निर्धारित मानकों के विपरीत पटाखों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने को कहा गया। सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
संयुक्त टीम करेगी निरीक्षण, बाजारों में रहेगी निगरानी
आयुक्त अजीत कुमार ने सभी उप जिलाधिकारियों को पुलिस क्षेत्राधिकारी और मुख्य अग्निशमन अधिकारी के साथ संयुक्त टीम गठित कर पटाखा दुकानों एवं बिक्री स्थलों का नियमित निरीक्षण कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण में पाई गई कमियों का तत्काल निराकरण कराया जाएगा।
पटाखा बाजारों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखने और भीड़ नियंत्रण तथा यातायात प्रबंधन की व्यवस्था करने को कहा गया। बाजारों के निकट अग्निशमन वाहन, अग्निशमन कर्मी और राहत एवं बचाव संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए।
बाजारों में साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था पर जोर
आयुक्त ने बाजारों एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण, प्रकाश व्यवस्था और पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। खाद्य सुरक्षा विभाग को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करने तथा मिलावट और निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली की शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
खाद्य एवं रसद विभाग को उचित दर की दुकानों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों तक खाद्यान्न वितरण निर्बाध रूप से पहुंचाने को कहा गया। नगर निकायों और पुलिस विभाग को बाजारों में भीड़ नियंत्रित करने तथा प्रमुख मार्गों पर आवागमन सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
स्थलीय निरीक्षण कर अनुपालन सुनिश्चित करें अधिकारी
आयुक्त अजीत कुमार ने सभी उप जिलाधिकारियों एवं विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण करने और निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि दीपावली पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी अथवा किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई