आईजीआरएस रैंकिंग में बांदा प्रदेश में चौथे स्थान पर, लगातार दूसरे महीने उत्कृष्ट प्रदर्शन

SHARE:

जनशिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में जनपद ने प्रदेश स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। शासन की अक्टूबर 2026 की आईजीआरएस रैंकिंग में जनपद को प्रदेश के 75 जिलों में चौथा स्थान मिला है। सितंबर में छठे स्थान पर रहे जनपद ने दो पायदान का सुधार करते हुए लगातार दूसरे महीने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
जिलाधिकारी अमित आसेरी के नेतृत्व, नियमित समीक्षा और प्रभावी अनुश्रवण से यह उपलब्धि हासिल हुई है। आईजीआरएस और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता सुधारने के लिए संबंधित अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का वास्तविक और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
शिकायत निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष जोर
जिलाधिकारी द्वारा शिकायतकर्ताओं से संवाद स्थापित करने, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनने और असंतोषजनक फीडबैक के कारणों की समीक्षा करने पर विशेष जोर दिया गया। कम संतोषजनक फीडबैक वाले अधिकारियों की नियमित समीक्षा कर कार्यप्रणाली में सुधार के निर्देश भी दिए गए।
अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) मायाशंकर यादव ने शिकायतों के निस्तारण की प्रगति, विभागवार लंबित प्रकरणों और शिकायतकर्ताओं के संतुष्टि स्तर की नियमित समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर शिकायत निस्तारण व्यवस्था को प्रभावी बनाने में योगदान दिया।
तकनीकी सहयोग और विभागीय समन्वय से बेहतर प्रदर्शन
ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर ने आईजीआरएस और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तकनीकी प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्रदान किया। विभागवार फीडबैक का विश्लेषण, कम प्रदर्शन वाले विभागों की पहचान और प्रगति रिपोर्ट तैयार करने के साथ तकनीकी समस्याओं के समाधान में भी सहयोग किया गया।
जिलाधिकारी ने की अधिकारियों की सराहना
जिलाधिकारी अमित आसेरी ने उपलब्धि पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनशिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रत्येक अधिकारी शिकायतकर्ता की समस्या को गंभीरता से सुनकर उसका वास्तविक समाधान सुनिश्चित करे।
आगामी माह में और बेहतर प्रदर्शन का लक्ष्य
जिलाधिकारी अमित आसेरी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद की रैंकिंग बनाए रखने के साथ आगामी माह में और बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित किया जाए। शिकायतकर्ताओं से नियमित संपर्क, संतोषजनक फीडबैक में वृद्धि और शिकायतों के दोबारा आने की स्थिति रोकने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई