वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देने गई पुलिस टीम पर हमले का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट कर एक वारंटी को छुड़ा लिया। हमले में दरोगा और सिपाही घायल हो गए। पुलिस ने मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र के तिलियापुर गांव में शुक्रवार शाम पुलिस टीम वारंटियों को पकड़ने पहुंची थी। पुलिस के अनुसार, टीम ने लईक को पकड़ लिया था, तभी कुछ महिलाओं ने पुरुषों को बुला लिया। इसके बाद लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया और पकड़े गए वारंटी को छुड़ा लिया। दरोगा की पिस्टल छीनने की कोशिश
सीबीगंज थाना प्रभारी विनोद सिंह के मुताबिक, हमलावरों ने दरोगा पवन शर्मा की पिस्टल छीनने की कोशिश की। कांस्टेबल अरविंद कुमार की वर्दी फाड़ दी और उनकी नेम प्लेट व बिल्ले नोच लिए। हमले में दरोगा और सिपाही घायल हो गए। दोनों ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हमलावरों को खदेड़कर पुलिसकर्मियों को उनके चंगुल से छुड़ाया। बाद में पुलिस ने लईक को दोबारा पकड़ लिया। 12 नामजद और अज्ञात के खिलाफ मुकदमा
दरोगा पवन शर्मा की तहरीर पर पुलिस ने भोला, लईक, नेहा, कुबरा, आदिल, शरमीम, तोहिद, शाबीर, जाहिद, राशिद, शाहिद और इमरान समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने इनमें से सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस टीम पर हमले की जारी है जांच
पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस टीम पर हमला करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और वारंटी को छुड़ाने के मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी अभियान जारी
सीबीगंज थाना पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही की जायेगी।